विधानसभा सत्र के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा शुरू

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार/पुनर्गठन को मंजूरी देंगे। विधानसभा सत्र के समापन के साथ ही जल्द ही दो विधायकों को मंत्री बनने का अवसर मिलेगा। इसे लेकर प्रदेश में राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य मंत्रिमंडल में दो पद रिक्त हैं। एक पद शुरू से रिक्त रखा गया था। दूसरा पद बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने के बाद से रिक्त है। अब इन दो पदों पर किन विधायकों को मौका मिलेगा, इसे लेकर राजनीतिक कयासों का दौर लंबे समय से चल रहा है। किंतु दिल्ली सूत्रों से जो जानकारी मिल रही है कि यदि सब कुछ ठीक रहा कि महीने के अंत तक मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया जाएगा। भाजपा सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल की दौड़ में सबसे आगे अमर अग्रवाल, लता उसेंडी और पुरंदर मिश्रा चल रहे हैं। इस बीच गाहे-बगाहे राजेश मूणत और अजय चंद्राकर के नामों की भी चर्चा होती है, किंतु मंत्री बनाएंगे, इसका फैसला आलाकमान को करना है। बहरहाल मंत्रिमंडल विस्तार के कयासों में विभागों को लेकर भी खासी चर्चा है। कहा तो यह भी जा रहा है कि मुख्यमंत्री स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा जैसे विभागों से जल्द मुक्त होना चाहते हैं। यह विभाग संभवतः वित्त मंत्री ओपी चौधरी को मिल सकता है, क्योंकि शिक्षा को लेकर उनकी खासी रुचि है। जानकार बताते हैं कि वर्तमान कुछ मंत्रियों को ड्रॉप करने की भी योजना है। ऐसे में यह कहना अभी मुश्किल है कि मंत्रिमंडल से किसकी छुट्टी होगी?