रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी का एक नया तरीका सामने आया है, जिसमें बीपी मशीन की आड़ लेकर कोकीन मंगाई जा रही थी। रायपुर पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को 19 मार्च को सूचना मिली थी कि देवेंद्र नगर क्षेत्र स्थित नारायणा हॉस्पिटल सेक्टर-5 के पास एक व्यक्ति चारपहिया वाहन में कोकीन रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28) निवासी गीतांजली नगर, रायपुर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के वाहन से एक कोरियर पैकेट बरामद हुआ। जांच में पता चला कि पैकेट में बीपी मशीन भेजी गई थी, जिसके अंदर छिपाकर कोकीन रखी गई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.55 ग्राम कोकीन, जिसकी कीमत लगभग 2.27 लाख रुपए आंकी गई है, जब्त की।
इसके अलावा घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन और एक एप्पल आईफोन भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 20.27 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ देवेंद्र नगर थाना में नारकोटिक एक्ट की धारा 22बी के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोरियर के जरिए अन्य राज्यों से कोकीन की सप्लाई की जा रही थी। इस मामले में संबंधित कोरियर फर्म के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस द्वारा गठित एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स को मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एंड-टू-एंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।




















