Asha Bhosle Net Worth: नई दिल्ली: भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने 92 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। उन्हें थकान और सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह अपने पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति और होटल बिजनेस छोड़ गई हैं।
आशा भोसले ने मात्र 10 साल की उम्र से गायकी की शुरुआत की थी। उन्हें पद्म विभूषण और दादा साहब फाल्के पुरस्कार जैसे सर्वोच्च सम्मानों से नवाजा जा चुका है। संगीत के इतिहास में सबसे अधिक गाने रिकॉर्ड करने वाली कलाकार के रूप में उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है।
कितनी है नेटवर्थ?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आशा भोसले की अनुमानित कुल संपत्ति 150 से 200 करोड़ रुपये के बीच है। उनकी कमाई का मुख्य जरिया उनका ऐतिहासिक गायन करियर, रॉयल्टी और दशकों से चले आ रहे हिट एल्बम रहे हैं।
कई प्रॉपर्टी की मालकिन
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आशा भोसले के पास लगभग 80 से 100 करोड़ रुपये की रियल एस्टेट संपत्तियां हैं।
- उनके पोर्टफोलियो में मुंबई और पुणे में बेहद लग्जरी आवासीय संपत्तियां शामिल हैं।
बिजनेस में भी सफल
आशा भोसले ने ना केवल सुरों से जादू बिखेरा बल्कि कारोबार की दुनिया में भी सफल रही हैं। उन्होंने दुनियाभर में Asha’s’ (आशाज) नाम से एक अंतरराष्ट्रीय डाइनिंग ब्रांड शुरू किया है। इसकी शुरुआत साल 2002 में दुबई से हुई थी। आज इसके रेस्तरां दुबई के अलावा कुवैत, बहरीन, अबू धाबी के साथ-साथ ब्रिटेन के बर्मिंघम और मैनचेस्टर जैसे शहरों में भी स्थित हैं। मिडिल ईस्ट और यूके में लगभग 14 आउटलेट संचालित हैं।




















