गुरुग्राम। ड्रग कंट्रोल विभाग ने डीएलएफ फेज-4 थाना क्षेत् में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपए कीमत के अवैध रूप से से सप्लाई किए जा रहे मौंजारो नाम के इंजेक्शन जब्त किए हैं। यह इंजेक्शन एक कार में भरकर अवैध रूप से सप्लाई किए जा रहे थे। टीम ने मौके से एक कंपनी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। शनिवार रात को ड्रग कंट्रोल विभाग ने यह छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि वजन घटाने व डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाले महंगे इंजेक्शन की अवैध खेप गुरुग्राम में डिलीवर की जानी है। सूचना के आधार पर टीम ने डीएलएफ फेज-4 के पास छापा मारकर एक संदिग्ध कार को रोका और तलाशी लेने पर उसमें हजारों इंजेक्शन बरामद हुए। हिरासत में लिए गए कर्मचारी की पहचान मुज्जमिल के रूप में हुई है, जो एक कंपनी में मेडिकल प्रतिनिधि के तौर पर काम करता है। शुरूआती जांच में सामने आया है कि इंजेक्शन दिल्ली के भागीरथ पैलेस मार्केट से लाए गए थे, जबकि उनकी बिलिंग गुरुग्राम के पते पर की गई थी। अधिकारियों के अनुसार मौंजारो इंजेक्शन मूल रूप से एक विदेशी (इटली आधारित) कंपनी द्वारा निर्मित बताया जाता है, जिसका उपयोग डायबिटीज के इलाज में किया जाता है। हालांकि हाल के समय में इसका इस्तेमाल वजन घटाने के लिए भी तेजी से बढ़ा है। इसी बढ़ती मांग का फायदा उठाकर अवैध सप्लाई नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। छापेमारी के दौरान कर्मचारी ने पहले मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़े जाने पर वह भावुक हो गया।




















