ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयअपराध

जयपुर के सेंट्रल जेल में संदिग्ध मौत, ड्यूटी पर तैनात जवान को सीने में लगी गोली

जयपुर। जयपुर की हाई-प्रोफाइल सेंट्रल जेल में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जेल की सुरक्षा में तैनात आरएसी के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। इस संबंध में जेल प्रशासन की ओर से लालकोठी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

मृतक जवान गिरधारी लाल गुर्जर (38), निवासी कुशालपुरा-जमवारामगढ़, टावर नंबर-2 पर तैनात थे। जानकारी के अनुसार गिरधारी लाल (कांस्टेबल नंबर 668) की रविवार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक ड्यूटी थी। बताया जा रहा है कि जवान सुबह मैस में खाना खाने के बाद पूरी तरह सामान्य दिख रहे थे और अपनी सर्विस राइफल के साथ ड्यूटी पर तैनात हुए थे।

ड्यूटी शुरू होने के कुछ देर बाद ही हेड कांस्टेबल सगत सिंह को सूचना मिली कि गिरधारी लाल टावर से नीचे गिर गए हैं। जब टीम मौके पर पहुंची तो जवान लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा मिला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जवान के सीने में उसकी सर्विस राइफल से निकली गोली लगी है। हालांकि, यह मामला आत्महत्या का है या दुर्घटनावश गोली चली, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस को मौके से या जवान की वर्दी की जेब से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही जवान को तुरंत एम्बुलेंस से सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं।

What's your reaction?

Related Posts