16 अप्रैल की रात 9 बजे पेड प्रिव्यू शोज के साथ अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। वीकएंड पर इस फिल्म का कलेक्शन बढ़ा है। जानिए ‘धुरंधर 2’ पर इस फिल्म की कमाई का कितना असर पड़ा है।
पिछले एक महीने से फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए रखा था। फिल्म अब भी करोड़ों में कमाई कर रही है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘डकैत’ भी बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छी कमाई नहीं कर सकी पर बीते 17 अप्रैल को रिलीज हुई अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ का प्रदर्शन बॉक्स ऑफिस पर बेहतर है। पहले दिन के बाद वीकएंड पर फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी हुई है।
दो दिन में कमाए
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘भूत बंगला’ की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही, हालांकि इसने वीकएंड पर अच्छी कमाई की है। फिल्म ने पहले दिन पेड प्रीव्यू शोज से 3.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। रिलीज के पहले दिन यानी शुक्रवार को इसने 12.25 करोड़ रुपये कमाए, वहीं शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर 19 करोड़ हो गई। रविवार को खबर लिखे जाने जक फिल्म ने 6 करोड 41 लाख रुपये कमा लिए थे। इस तरह अब तक इस फिल्म ने 41.41 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। उम्मीद है कि रविवार रात तक यह 50 करोड़ काआंकड़ा पार कर जाएगी।
‘धुरंधर 2’ का टोटल कलेक्शन
19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड बनाए। सिर्फ देश ही नहीं विदेशों में भी फिल्म ने कमाई के कई नए रिकॉर्ड स्थापित किए। इस फिल्म ने पहले दिन 102 करोड़, पहले हफ्ते में 674.17 करोड़, दूसरे हफ्ते में 263.65 करोड़, तीसरे हफ्ते में 110.60 करोड़ और चौथे हफ्ते में 54.70 करोड़ रुपये कमाए। बीते शुक्रवार को ‘भूत बंगला’ की रिलीज के बाद से ही इस फिल्म की कमाई में गिरावट आई है। शुक्रवार को ‘धुरंधर 2’ ने 2.70 करोड़, शनिवार को 4.65 करोड़ और रविवार को खबर लिखे जाने तक 1.97 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह यह फिल्म अब तक देशभर में 1112.44 करोड़ रुपये कमा चुकी है। भले ही इस फिल्म की कमाई में गिरावट आई हो लेकिन यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन चुकी है।
‘डकैत’ की कमाई
अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर स्टारर पैन इंडिया फिल्म ‘डकैत’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह फिल्म शुरू से ही धीमी रफ्तार से कमाई कर रही है। पहले हफ्ते इसने 28.45 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं इस शुक्रवार इसने 90 लाख, शनिवार को 1.15 करोड़ और रविवार को खबर लिखे जाने तक 59 लाख रुपये कमा लिए थे। इस तरह देशभर में इसका कुल कलेक्शन 31.09 करोड़ हो चुका है।




















