ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

कलमा पढ़के दिखाओ… मना करने पर चाकू से गोदा, महाराष्ट्र में पहलगाम जैसा हमला

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बीते साल अप्रैल महीने में हुए आतंकी हमले के एक साल पूरा होने के बाद अब महाराष्ट्र से एक ऐसा ही खौफनाक मामला सामने आया है। यहां शख्स ने पहलगाम हमले की तरह दो सिक्योरिटी गार्ड से धर्म पूछकर उन पर हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक शख्स ने पीड़ितों से कलमा पढ़ने की बात कही, फिर मना करने पर चाकू से गोद दिया। हमले में दोनों गार्ड्स बुरी तरह घायल हो गए और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि घटना मुंबई के पास मीरा रोड पर हुई और इस मामले में 31 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान जैब जुबैर अंसारी के तौर पर हुई है।

यह घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे हुई, जब दोनों गार्ड, राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो सेन, एक निर्माणाधीन इमारत में ड्यूटी पर थे। पुलिस ने बताया कि अंसारी, जो उस इलाके में ही था, ने उन्हें देखा और फिर उनसे उनके नाम और धर्म के बारे में पूछने लगा। फिर आरोपी ने पूछा कि क्या वे कलमा पढ़ सकते हैं। जब गार्ड ने मना कर दिया तब उसने कथित तौर पर एक चाकू निकाला और उन पर हमला कर दिया।

इलाज जारी

हमले में मिश्रा को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं सुब्रतो सेन को पीठ पर मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद सेन किसी तरह एक सिक्योरिटी केबिन के अंदर छिपने में कामयाब रहा। उन पर हमला करने के बाद, अंसारी मौके से फरार हो गया था। इसके बाद सेन ने पुलिस को सूचना दी और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी> इलाके के CCTV फुटेज की मदद से, पुलिस ने अंसारी की पहचान की और मीरा रोड ईस्ट के नया नगर इलाके में उसके किराए के घर का पता लगाया। घटना के डेढ़ घंटे के अंदर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गार्ड्स की शिकायत के आधार पर नया नगर पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया है।

ISIS से कनेक्शन?

जांच के दौरान, पुलिस को पता चला है कि अंसारी इंटरनेट पर ISIS से जुड़े प्रोपेगैंडा वीडियो बार-बार देखता था। इससे पहले अंसारी ने 2019 तक अमेरिका में पढ़ाई की थी, जिसके बाद वह भारत लौट आया और मीरा रोड में किराए के मकान में अकेला रहने लगा। पुलिस को यह भी पता चला कि उसके मकान मालिक ने कथित तौर पर उससे 5 मई तक किराए का फ्लैट खाली करने को कहा था। पुलिस को हमलावर के पास से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है।

ATS करेगी जांच

इस मामले को आगे की जांच के लिए महाराष्ट्र पुलिस की एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बताया कि नया नगर पुलिस और ATS मिलकर जांच कर रहे हैं कि क्या इस हमले के पीछे कोई बड़ी चरमपंथी साजिश थी। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या आरोपी किसी “लोन वुल्फ” हमले की तैयारी कर रहा था।

What's your reaction?

Related Posts