ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

CG News: रायपुर में खुलेआम गांजा बिक्री का खुलासा, बस्ती में म‍हिलाएं गोद में बच्‍चा लिए बेच रही गांजा, इलाके में चल रहा अवैध धंधा

CG News: सरस्वती नगर थाना से महज 400 मीटर दूर कुकुरबेड़ा बस्ती में यह गतिविधि सामने आई, जहां एक महिला अपनी दुधमुंही बच्ची को गोद में लेकर नशे का सामान बेच रही थी.

CG News: राजधानी रायपुर में अवैध नशे के कारोबार की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां महिलाएं खुलेआम गांजा बेचती नजर आईं. सरस्वती नगर थाना से महज 400 मीटर दूर कुकुरबेड़ा बस्ती में यह गतिविधि सामने आई, जहां एक महिला अपनी दुधमुंही बच्ची को गोद में लेकर नशे का सामान बेच रही थी.

देवारपारा घटना के बाद मिला इनपुट

बताया जा रहा है कि 23 अप्रैल को शहर के देवारपारा इलाके में गांजा बिक्री की सूचना मिलने पर तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो चुके थे. इस घटना के बाद एक स्थानीय युवक ने कुकुरबेड़ा बस्ती में भी इसी तरह खुलेआम गांजा बिक्री होने की जानकारी दी. सूचना के आधार पर एक टीम वहां पहुंची और मामले की पड़ताल की.

बस्ती में बच्चों की निगरानी

बस्ती में पहुंचने पर यह देखा गया कि गली के बाहर छोटे-छोटे बच्चे निगरानी कर रहे थे, जो किसी के आने-जाने या पुलिस की हलचल की सूचना अंदर मौजूद महिलाओं तक पहुंचा रहे थे. टीम ने एक महिला से बातचीत कर 100 रुपये में गांजे की पुड़िया खरीदी और इस पूरी प्रक्रिया को कैमरे में रिकॉर्ड किया गया.

पुरुष चला रहे नेटवर्क

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस्ती में सामने महिलाएं बिक्री करती हैं, लेकिन इस पूरे नेटवर्क को पीछे से पुरुष संचालित कर रहे हैं. इस अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.

पुलिस को सौंपी गई पुड़िया और वीडियो

जांच के लिए खरीदी गई गांजे की पुड़िया सरस्वती नगर थाना में जमा कराई गई है और पूरे मामले की जानकारी पश्चिम जोन के डीसीपी संदीप पटेल को भी दी गई है. टीम ने स्टिंग का वीडियो भी पुलिस को सौंप दिया है, हालांकि अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है. डीसीपी ने कहा है कि मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

What's your reaction?

Related Posts