छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से खनन क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। यहां संचालित देश की प्रमुख सरकारी खनन कंपनियों में शामिल NMDC (नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कंपनी के खिलाफ वन विभाग मामला दर्ज करने की तैयारी कर रहा है।
दरअसल, NMDC पर आरोप है कि कंपनी की लापरवाही के चलते लौह अयस्क का मलबा जंगल के अंदर फैल गया। इसकी वजह से बड़ी संख्या में पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा है। मामले को वन विभाग ने गंभीरता से लिया है और अब कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
यह है पूरा मामला
पूरा मामला बैलाडीला इलाके के डिपॉजिट नंबर 14 का है. जहां, खुदाई के दौरान निकला बेकार मलबा तय जगह से बाहर निकल गया. यह मलबा धीरे-धीरे खिसकते हुए सुरक्षित जंगल वाले हिस्से में पहुंच गया. अब वन विभाग का कहना है कि, मलबा तय सीमा को पार कर चुका है जोकि नियमों के खिलाफ है.
शुरुआती में कंपनी की तरफ से कहा गया था कि मलबा बहुत कम दूरी तक फैला हुआ है. लेकिन जब वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर नाप की, तो हकीकत कुछ और निकली. विभाग के अनुसार मलबा करीब तीन किलोमीटर लंबी पट्टी में फैल गया है और इसकी चौड़ाई भी काफी ज्यादा है. अभी भी मलबे का खिसकना पूरी तरह रुका नहीं है.
वन विभाग दर्ज करेगी केस
बताया जा रहा है कि, NMDC ने मलबा डालने का काम एक बड़ी ठेकेदार कंपनी को दिया गया था, जो आगे किसी छोटे ठेकेदार से काम करा रही थी. हालांकि अब इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा यह साफ नहीं है. वन विभाग का कहना है कि जब तक मलबा पूरी तरह रुक नहीं जाता, तब तक अंदर जाकर नुकसान का पूरा हिसाब लगाना खतरनाक होगा. मलबा स्थिर होने के बाद आसपास के जंगल के पेड़ों की गिनती की जाएगी. उसी के आधार पर यह तय होगा कि कितने पेड़ खराब हुए और कितना नुकसान हुआ. इसके बाद ही औपचारिक केस दर्ज किया जाएगा.


















