सोने-चांदी की कीमतों में आज जोरदार उछाल देखने को मिला है। वैश्विक बाजार में तेजी और घरेलू मांग बढ़ने के चलते दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ा बदलाव दर्ज किया गया। बाजार के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, चांदी की कीमत में ₹6000 से अधिक की बड़ी बढ़ोतरी हुई है, जबकि सोने के दाम में भी करीब ₹2000 का उछाल आया है। इस तेजी के बाद निवेशकों और खरीदारों के बीच हलचल बढ़ गई है।
ग्लोबल मार्केंट में सकारात्मक संकेतों के बीच आज सुबह एमसीएक्स पर सोने के भाव में 1% से अधिक की तेजी दर्ज की गई। कमजोर डॉलर और कच्चे तेल की गिरती कीमतों ने इस उछाल को बल दिया। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष समाधान को लेकर बढ़ती उम्मीदों से तेल के दाम में गिरावट आई है।
MCX पर सोना-चांदी के ताजा भाव
एमसीएक्स गोल्ड ₹1,51,740 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से लगभग ₹2,000 (1% से अधिक) अधिक है। दूसरी ओर एमसीएक्स सिल्वर ₹2,50,724 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था, जो ₹6,300 (लगभग 3%) की तेजी दर्शाता है। पिछले सत्र में गोल्ड ₹1,49,838 प्रति 10 ग्राम (0.3% की बढ़त) और सिल्वर ₹2,44,420 प्रति किलोग्राम (0.2% की बढ़त) पर बंद हुए थे।
सोना-चांदी के क्यों बढ़े भाव
1. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: ब्रेंट क्रूड 2% लुढ़ककर $110 प्रति बैरल से नीचे आ गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ संभावित शांति समझौते का संकेत देने के बाद होर्मुज स्ट्रेट से तेल सप्लाई फिर से शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
2. डॉलर इंडेक्स में गिरावट: डॉलर इंडेक्स 0.20% कमजोर हुआ, जिससे विदेशी मुद्राओं में खरीदारों के लिए सोना सस्ता हो गया। इसलिए डिमांड बढ़ी और सोने के रेट में उछाल देखने को मिल र
3. मुद्रास्फीति की चिंता कम: इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी के अनुसार, “मिडिल-ईस्ट में तनाव कम होने के संकेतों से तेल की कीमतें गिर रही हैं, जिससे मुद्रास्फीति की आशंका घटी है और सोने में तेजी आ रही है।”
अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद सोने की स्थिति
MCX के आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी 2026 , जिस दिन अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला किया था, उस दिन के बाद से घरेलू स्पॉट गोल्ड की कीमतें 7% नीचे आ चुकी हैं। हाई एनर्जी प्राइसेज ने महंगाई की आशंका बढ़ा दी थी, जिससे केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरें लंबे समय तक उच्च बनाए रखने की संभावना बन गई थी।
गोल्ड-सिल्वर के लिए सलाह
पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन ने आज के सत्र के लिए गोल्ड का सपोर्ट लेवल $4,535 और $4,500 प्रति औंस रखा है। प्रतिरोध $4,622 और $4,681 प्रति औंस है। जबकि, चांदी का सपोर्ट लेवल $72 और $70 और प्रतिरोध $75.50 और $77.40 डॉलर प्रति औंस है।
एमसीएक्स पर गोल्ड के लिए सपोर्ट लेवल ₹1,49,100 और ₹1,48,400 प्रति 10 ग्राम है और प्रतिरोध ₹1,50,500 और ₹1,51,800 प्रति 10 ग्राम है। सिल्वर का सपोर्ट लेवल ₹2,41,400 और ₹2,38,800 प्रति किलो है। प्रतिरोध ₹2,48,000 और ₹2,51,500 प्रति किलो है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका-ईरान वार्ता पर बारीकी से नजर रखना जरूरी है। यदि समझौता होता है तो तेल की कीमतें और गिर सकती हैं, जिससे सोने पर दबाव बढ़ सकता है। फिलहाल कमजोर डॉलर और भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं सोने को सपोर्ट कर रही हैं। निवेशक तय समर्थन स्तरों पर खरीदारी पर विचार कर सकते हैं।



















