पश्चिम एशिया में बने तनावपूर्ण हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर बड़ा फैसला लिया है. राज्य सरकार ने एहतियात के तौर पर ड्रम, बोतल और जरीकेन में ईंधन बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है. खाद्य विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं और पेट्रोल पंप संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए गए हैं. सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.
प्रदेश में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध
खाद्य विभाग के मुताबिक 22 मई 2026 तक राज्य के 2516 पेट्रोल पंपों पर करीब 4.35 करोड़ लीटर पेट्रोल और 8.15 करोड़ लीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है. विभाग का कहना है कि प्रदेश में ईंधन की सप्लाई लगातार जारी है और किसी तरह की कमी की स्थिति नहीं है. सरकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का संग्रह न करें.
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि बिना किसी वैध कारण के अब ड्रम, बोतल या जरीकेन में पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा. आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर स्पिरिट और हाई स्पीड डीजल आदेश 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों को ‘अप्राधिकृत विक्रय’ मानते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है.
किसानों और जरूरी सेवाओं को राहत
सरकार ने किसानों और जरूरी सेवाओं को इस प्रतिबंध से राहत दी है. रबी और खरीफ सीजन के कृषि कार्यों के लिए किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ड्रम या जरीकेन में डीजल दिया जा सकेगा. इसके अलावा अस्पताल, मोबाइल टावर और कलेक्टर द्वारा स्वीकृत सरकारी निर्माण कार्यों के लिए भी अनुमति दी जाएगी. इसके लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी की जांच और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा.
सप्लाई व्यवस्था पर सरकार की नजर
खाद्य विभाग के सचिव ने 20 मई को ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी. बैठक में उन पेट्रोल पंपों को तुरंत अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जहां ईंधन खत्म होने की आशंका थी. लखौली, मंदिर हसौद और गोपालपुर स्थित डिपो से लगातार जिलों में सप्लाई भेजी जा रही है. सरकार का कहना है कि प्रदेश में ईंधन आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं.



















