कॉकरोच जनता पार्टी की चर्चा के बीच भारत में नए दल की दस्तक होने जा रही है। भारत के उच्चतम न्यायालय के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने इश्क करो पार्टी की शुरुआत का ऐलान किया है और इसके लिए सदस्यता अभियान भी शुरू कर दिया है। साथ ही उन्होंने CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि सिर्फ शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग से क्या होगा।
CJP पर निशाना
जस्टिस काटजू ने रविवार को कहा, ‘सीजेपी के फॉलोअर्स अपना समय सीजेपी के साथ खराब न करें और नई बनी इश्क करो पॉर्टी जॉइन करें। हम जल्द ही हमारी अपनी वेबसाइट और इंस्टाग्राम अकाउंट बनाने जा रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि वह इस पार्टी के संरक्षक हैं और सदस्यता लेने के लिए मेल आई डी भी दे दी है। उन्होंने लिखा, ‘अभिजीत दीपके बेवकूफ हैं और यह इस बात से साफ है कि उनकी मुख्य मांग भारत के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगर वह इस्तीफा दे भी देंगे, तो उनकी जगह कोई और मंत्री आएगा। इससे क्या फर्क पड़ेगा?’
पदाधिकारी बना दिए
उन्होंने बताया है कि 44 की उम्र के होने के बाद इश्क करो पार्टी में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘कृपया अध्यक्ष इरफान अली से संपर्क करें। अगर आप सहमत होंगे, तो हम आपको हमारे उपाध्यक्षों में से एक बना देंगे।’ जस्टिस काटजू का कहना है कि IKP के जरिए देश में बेरोजगारी, भूख, गरीबी, स्वास्थ्य की कमी जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा।
सीजेपी का आंदोलन
दीपके ने रविवार को कहा कि परीक्षाओं से जुड़ी गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जिम्मेदारी है और मांग स्वीकार किए जाने तक आंदोलन नहीं रुकेगा। छत्रपति संभाजीनगर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में देश की राजनीति हिंदू-मुस्लिम एजेंडे के इर्द-गिर्द केंद्रित रही है। उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं में बदलाव की जरूरत पर जोर दिया और बेरोजगारी को एक गंभीर मुद्दा बताया।
NEET पेपर कथित रूप से लीक होने और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) व्यवस्था में खामियों को लेकर प्रधान राजनीतिक हंगामे के केंद्र में हैं। दीपके ने सवाल किया कि अगर मोदी रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध रुकवा सकते हैं तो क्या प्रश्नपत्र लीक नहीं रोक सकते। शनिवार को ही सीजेपी के बैनर तले राजधानी दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर बड़ा प्रदर्शन हुआ था। दीपके का कहना है कि अभी विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।



















