कोरबा। एनटीपीसी कोरबा में आयोजित गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन (जेम) के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जेम की छात्राओं, एनटीपीसी कोरबा के मुख्य महाप्रबंधक किशोर चंद्र पात्र, महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण शत्रुघ्न बेहरा, अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों तथा कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन प्रगति क्लब द्वारा सांस्कृतिक सचिव एस.के. मंडल के संयोजन में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंस्पेक्टर तरुणा साहू की पंडवानी प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी प्रभावशाली एवं भावपूर्ण गायन शैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला पंडवानी को जीवंत करते हुए बच्चों और उपस्थित जनसमूह को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया।
इंस्पेक्टर तरुणा साहू ने प्रस्तुति के दौरान रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 139 तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप की उपयोगिता के बारे में भी सरल और प्रभावी ढंग से जानकारी दी। इससे विशेष रूप से बच्चों और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं।
देंखे Video
कार्यक्रम में प्रस्तुत “द्रौपदी स्वयंवर” और “द्रौपदी चीर हरण” जैसे भावनात्मक प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। उनकी सशक्त प्रस्तुति को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
यह आयोजन केवल सांस्कृतिक मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि साइबर जागरूकता, महिला सुरक्षा और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने वाला एक प्रेरणादायक कार्यक्रम साबित हुआ। साथ ही, इसने लोककला के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी संदेश भी दिया।




















