हिंदू धर्म में सोमवती अमावस्या का विशेष महत्व है। जब अमावस्या तिथि सोमवार को पड़ती है, तब सोमवती अमावस्या का संयोग बनता है। साल 2026 की पहली सोमवती अमावस्या अधिक मास में पड़ रही है, जिसके कारण इसका महत्व कई गुना बढ़ जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव, माता पार्वती और पितरों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अमावस्या तिथि पर पवित्र नदी में स्नान करने और दान करने का खास महत्व है। मान्यता है कि इस दिन स्नान, जप-तप और दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। जानें सोमवती अमावस्या कब है।
सोमवती अमावस्या 2026 कब है:
पंचांग के अनुसार, अधिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि 14 जून 2026, रविवार को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगी और समाप्त 15 जून 2026, सोमवार को सुबह 08 बजकर 24 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि मान्य होने के कारण सोमवती अमावस्या का व्रत 15 जून 2026 को रखा जाएगा। पितृ कार्य के लिए 14 जून का दिन उत्तम रहने वाला है।
सोमवती अमावस्या स्नान-दान का समय 2026:
सोमवती अमावस्या के लिए स्नान-दान का ब्रह्म मुहूर्त 14 जून को सुबह 04 बजकर 04 मिनट से सुबह 04 बजकर 44 मिनट तक रहेगा। अमृत काल दोपहर 03 बजकर 56 मिनट से शाम 05 बजकर 20 मिनट तक रहेगा।
सोमवती अमावस्या का महत्व:
हिंदू धर्म में सोमवती अमावस्या शुभ फल प्रदान करने वाली तिथि मानी जाती है। मान्यता है कि इस दिन पीपल के वृक्ष की पूजा और परिक्रमा करने से जीवन में सुख-शांति के साथ समृद्धि आती है। भगवान शिव की कृपा से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने से जातक को समस्त पापों से मुक्ति मिलती है। पितरों की कृपा पाने के लिए यह दिन अत्यंत उत्तम माना जाता है। अमावस्या तिथि पर श्राद्ध, तर्पण और पितृ कर्म करने से पूर्वजों का आशीर्वाद प्राप्त होता है, जिससे परिवार में खुशहाली आती है।
सोमवती अमावस्या पर धन लाभ के उपाय-
1. सोमवती अमावस्या की शाम मां लक्ष्मी की पूजा के समय उन्हें पीली कौड़ियां अर्पित करें। अगर पीली कौड़ियां मिलना संभव नहीं है, तो सफेद कौड़ी में हल्दी लगाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। रात भर पूजा स्थल पर रहने दें, उसके बाद सुबह स्नान आदि करने के बाद लाल रंग के कपड़े में बांधकर धन या तिजोरी में रख दें। मान्यता है कि ऐसा करने से धन की प्राप्ति होती है।
2. अमावस्या के दिन शाम के समय पीपल के पेड़ पर सरसों के तेल का दीपक जलाना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से धन से जुड़ी परेशानी खत्म होती है और आर्थिक उन्नति मिलती है।
3. इस दिन नदी या तालाब में मछलियों को शक्कर मिश्रित आटे की गोलियां खिलाना शुभ होता है। मान्यता है कि ऐसा करने से पैसों का आगमन होता है।


















