भारतीय वायदा बाजार में बुधवार, 24 जून को सोने की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर अगस्त महीने के गोल्ड फ्यूचर्स में 1.21 प्रतिशत की कमी आई और यह 1,44,759 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसी तरह, एमसीएक्स पर जुलाई महीने के सिल्वर फ्यूचर्स में भी 0.71 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 2,24,227 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था।
क्यों गिरे सोने-चांदी के भाव
इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी के अनुसार, फेड की सख्त नीति की उम्मीदों के चलते सोना सात महीने के निचले स्तर पर आ गया है। अमेरिकी टेक्नोलॉजी शेयरों में तेज गिरावट के कारण निवेशकों ने अपने पोर्टफोलियो में अन्य नुकसान की भरपाई के लिए सोने की बिक्री भी बढ़ा दी है।
मास्टर कैपिटल सर्विसेज के मुख्य शोध अधिकारी रवि सिंह का कहना है कि फेड के लेटेस्ट अनुमान बाजार की उम्मीदों से अधिक सख्त रुख दिखा रहे हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ती सहमति से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, लेकिन यह राहत फेड की बढ़ती उम्मीदों और अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मजबूत आंकड़ों के सामने फीकी पड़ गई है।
डॉलर इंडेक्स में उछाल का असर: इस गिरावट का मुख्य कारण अमेरिकी डॉलर की बढ़ती मजबूती है, जो पिछले एक साल के हाई पर पहुंच गया है। डॉलर इंडेक्स 101.52 के स्तर पर पहुंच गया है, जो पिछले एक साल में अपना सबसे ऊंचा स्तर है।
इसका सीधा असर यह हुआ कि अमेरिकी डॉलर में कारोबार होने वाला सोना अन्य मुद्राओं वाले खरीदारों के लिए महंगा हो गया है। 17 जून से ही डॉलर इंडेक्स 100 के स्तर से ऊपर बना हुआ है, क्योंकि बाजार को उम्मीद है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस साल के अंत तक ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है।
फेड की मौद्रिक नीति को लेकर बाजार की उम्मीदें: समाचार एजेंसी रायटर्स के अनुसार, सीएमई फेडवॉच टूल से पता चलता है कि इस साल अमेरिकी फेड द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना बढ़ गई है। अब बाजार की नजर गुरुवार को आने वाले अमेरिकी पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (पीसीई) आंकड़ों पर है, जो फेड की मौद्रिक नीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
अभी खरीदें सोना या रुकें
सोने की कीमतों में लगातार गिरावट को देखते हुए निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है। फेड की ब्याज दर नीति और अमेरिकी अर्थव्यवस्था के आंकड़ों पर नजर रखना महत्वपूर्ण होगा। एक्सपर्ट अजय केडिया के अनुसार, फिलहाल सोने में गिरावट का रुख बना हुआ है और निवेशकों को कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले बाजार के संकेतों को समझना चाहिए।
एमसीएक्स गोल्ड के लिए अहम स्तर
त्रिवेदी के अनुसार, एमसीएक्स पर अगस्त गोल्ड फ्यूचर्स और गिरकर 1,44,500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ सकता है क्योंकि वैश्विक स्तर पर भी सोने में गिरावट का रुख बना हुआ है।
रवि सिंह के अनुसार, जब तक कीमतें 1,51,000 से 1,53,000 रुपये के रेजिस्टेंस जोन से नीचे रहेंगी, तब तक सोने में गिरावट का रुझान बना रहेगा। अगर कीमतें 1,45,500 रुपये के स्तर से नीचे जाती हैं तो बिकवाली और बढ़ सकती है और सोना 1,40,000 रुपये के स्तर तक जा सकता है।
पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन के अनुसार, गोल्ड को 4,089 डॉलर और 4,040 डॉलर पर सपोर्ट मिल रहा है, जबकि 4,185 डॉलर और 4,220 डॉलर पर रेजिस्टेंस है। चांदी को 60 डॉलर और 58.40 डॉलर पर सपोर्ट तथा 63.60 डॉलर और 65.20 डॉलर पर रेजिस्टेंस है।
एमसीएक्स पर गोल्ड को 1,45,200 रुपये और 1,44,000 रुपये पर सपोर्ट तथा 1,47,200 रुपये और 1,48,100 रुपये पर रेजिस्टेंस है। चांदी के लिए सपोर्ट 2,21,000 रुपये और 2,16,600 रुपये तथा रेजिस्टेंस 2,28,800 रुपये और 2,31,200 रुपये पर है।


















