बलिया: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी बिसात अभी बिछने लगी है। इसका दृश्य आज बलिया में देखने को मिला। एनडीए के घटक दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा 27 सीट भी जीत ले यह उनकी बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने सपा और कांग्रेस दोनों दगा हुआ कारतूस बताया और दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्ष का सूपड़ा साफ होना तय है।
’27 सीटें जीतना भी होगा मुश्किल’
बलिया की जनसभा में ओपी राजभर ने अपने संबोधन में अतीत का हवाला दिया और अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, कांग्रेस और समावादी पार्टी दोनों दगे हुए कारदूत हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में दोनों मिलकर 47 सीटें जीत पाए थे। आज वही घिसी-पिटी ताकतें फिर से 2027 के चुनाव की तैयारियां कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि अगर समाजवादी पार्टी 2027 के चुनाव में महज 27 सीटें भी जीत लेती है, तो यह उनके लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।
पूर्वांचल की सीटों पर दी खुली चुनौती
मंत्री ओपी राजभर ने पूर्वांचल के कई जिलों का नाम लेते हुए समाजवादी पार्टी को जमीनी हकीकत का सामना करने की चुनौती दी। उन्होंने सीटों का गणित भी समझाया। ओपी राजभार ने कहा कि वाराणसी में विधानसभा की कुल 9 सीटें हैं और मैं दावे के साथ कहता हूं कि समाजवादी पार्टी वहां खाता भी नहीं खोल पाएगी। वहीं चंदौली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां समाजवादी पार्टी के पास फिलहाल एक सीट हैं। राजभर ने कहा- मैं उन्हें खुली चुनौती देते हूं कि इस बार वहां भी उन्हें हराकर एनडीए की जीत सुनिश्चित करूंगा। वहीं गाजीपुर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की सभी 7 सीटों पर विपक्ष का यही हाल होगा। वहीं, जौनपुर में मुकाबला सिर्फ दो सीटों तक सिमट कर रह जाएगा।
ओपी राजभर को इलाज की जरूरत-शिवपाल
बता दें कि ओम प्रकाश राजभार अक्सर अपने बयानों के चलते चर्चा में रहते हैं। हाल ही में जब शिवपाल यादव से ओम प्रकाश राजभर द्वारा लगातार अखिलेश यादव पर लगाए जा रहे आरोपों के बारे में पूछा गया तो शिवपाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, उनके बोलने का कोई मतलब नहीं है। ओम प्रकाश राजभर को इलाज की जरूरत है। कोई विशेषज्ञ डॉक्टर ही उनका इलाज कर सकता है।


















