ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़शिक्षा एवं रोजगार

आत्मानंद स्कूलों में शिक्षक भर्ती का बदला तरीका, अब मेरिट नहीं बल्कि सीबीटी परीक्षा से होगा चयन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद एवं विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब तक जिला स्तर पर मेरिट के आधार पर होने वाली संविदा भर्ती की जगह पहली बार कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के माध्यम से राज्यस्तरीय भर्ती की जाएगी। इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के चयन हेतु जेम पोर्टल पर टेंडर जारी कर दिया है।

परीक्षा एजेंसी के चयन के बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी और पूरे प्रदेश के अभ्यर्थियों के लिए एक समान सीबीटी परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके आधार पर राज्यस्तरीय मेरिट सूची तैयार कर नियुक्तियां की जाएंगी।

जिला स्तरीय भर्ती निरस्त, अब एक समान चयन प्रक्रिया

पहले प्रत्येक जिले में अलग-अलग मेरिट सूची के आधार पर संविदा भर्ती की जाती थी। कई जिलों में भर्ती की प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी थी और तैयारियां लगभग पूरी हो गई थीं। लेकिन बाद में डीपीआई ने सभी जिला स्तरीय भर्तियों को निरस्त कर केंद्रीकृत भर्ती प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया।

इसके चलते नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के डेढ़ महीने बाद भी प्रदेश के कई स्वामी आत्मानंद और विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के पद खाली हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

इन पदों पर होगी भर्ती

राज्यस्तरीय भर्ती के तहत निम्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी—

•            व्याख्याता (हिंदी, अंग्रेजी, गणित, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, जीवविज्ञान, भौतिकी, रसायन, वाणिज्य)

•            शिक्षक

•            सहायक शिक्षक

•            कंप्यूटर शिक्षक

•            प्रधान पाठक (प्राथमिक)

•            व्यायाम शिक्षक

•            विज्ञान प्रयोगशाला सहायक

•            ग्रंथपाल

•            सहायक ग्रेड-तीन

•            भृत्य

•            चौकीदार

प्रमुख शैक्षणिक योग्यता

•            व्याख्याता: संबंधित विषय में द्वितीय श्रेणी से स्नातकोत्तर एवं बीएड।

•            शिक्षक: स्नातक, डीएड/बीएड तथा सीजी-टेट उत्तीर्ण।

•            सहायक शिक्षक: 12वीं, डीएड/डीएलएड तथा प्राथमिक सीजी-टेट।

•            अन्य पद: संबंधित पद के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता।

रायपुर के स्कूलों में कई पद रिक्त

रायपुर जिले के विभिन्न स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में अभी भी शिक्षकों और गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों के कई पद रिक्त हैं। इनमें विज्ञान, गणित, हिंदी, वाणिज्य, सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर शिक्षक, व्यायाम शिक्षक, विज्ञान प्रयोगशाला सहायक, प्रधान पाठक, भृत्य और चौकीदार जैसे पद शामिल हैं।

पहले जारी विज्ञापन हुआ निरस्त

रायपुर जिले में फरवरी 2026 में 31 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के 151 संविदा पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। आवेदन की अंतिम तिथि 20 मार्च तय की गई थी, लेकिन मई के अंत में शासन ने सभी जिला स्तरीय संविदा भर्ती प्रक्रियाओं पर रोक लगा दी। अब इन्हीं पदों सहित पूरे प्रदेश की रिक्तियों के लिए एकीकृत राज्यस्तरीय भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति

•            परीक्षा एजेंसी चयन के लिए जेम पोर्टल पर टेंडर जारी।

•            एजेंसी चयन के बाद ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

•            पूरे प्रदेश में एक समान कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) आयोजित होगा।

•            राज्यस्तरीय मेरिट सूची के आधार पर अंतिम चयन और नियुक्तियां की जाएंगी।

What's your reaction?

Related Posts