ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक मामले में FIR दर्ज, साइबर एंगल से होगी जांच

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक मामले को लेकर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम भी जांच में जुटेगी। पेपर लीक के मामले में पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि परीक्षा का पेपर आखिर किस स्तर से लीक हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के दौरान साइबर एंगल पर भी विशेष फोकस रहेगा। पुलिस लीक हुए पेपर के डिजिटल प्रसार और उससे जुड़े लोगों की गतिविधियों की जांच कर सकती है।

पेपर लीक के स्रोत तक पहुंचने की कोशिश

जांच एजेंसियां पेपर लीक के स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच करेंगी कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र किस तरह बाहर पहुंचा। इसके अलावा पेपर को आगे प्रसारित करने वाले लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रबंधन की शिकायत के बाद अब पुलिस जांच आगे बढ़ेगी। ACCU की टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने और पेपर लीक से जुड़े आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक

दरअसल, रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के परीक्षा का पेपर लीक हो गया. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों का आरोप है कि B.Sc. एग्रीकल्चर सेकंड ईयर का परीक्षा पेपर लीक किया गया है. जो पेपर लीक हुआ है वो एग्रीकल्चर सेकंड ईयर के एंटोमोलॉजी सब्जेक्ट का था.

बीएससी एग्रीकल्चर का एंटोमोलॉजी पेपर रद्द

आरोप है कि परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र की तस्वीरें और सामग्री विद्यार्थियों के बीच व्हाट्सऐप पर पहुंच गई थीं. विवाद के बाद विश्वविद्यालय ने संबंधित प्रश्नपत्र को रद्द कर दिया है और अब इसकी दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी.

वहीं मामले की जानकारी सामने आने के बाद परीक्षा की गोपनीयता और व्यवस्था पर सवाल उठे. प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि प्रश्नपत्र किसी अन्य स्रोत से फॉरवर्ड होकर विद्यार्थियों तक पहुंचा था.मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पेपर रद्द करने का निर्णय लिया. अब एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा नए प्रश्नपत्र के साथ दोबारा कराई जाएगी. हालांकि दोबारा परीक्षा की तारीख और समय के संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से अलग से जानकारी जारी की जाएगी.

CM ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

इस मामले पर सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा निरस्त कर दी है और पांच सदस्यीय समिति का भी गठन किया गया है. इस मामले की जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

What's your reaction?

Related Posts