ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग

राखी पर रेलवे की सौगात, दुर्ग से रायगढ़ के बीच चलेगी पैसेंजर स्पेशल; जानें शेड्यूल

रक्षाबंधन पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अतिरिक्त यात्री सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 27 से 29 अगस्त 2026 तक दुर्ग और रायगढ़ के बीच रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।

रेलवे के मुताबिक, यह स्पेशल ट्रेन इस दौरान तीन फेरे लगाएगी। ट्रेन के चलने से रक्षाबंधन के मौके पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेगा और नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल के संचालन से दुर्ग, भिलाई, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, खरसिया और रायगढ़ समेत मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ पैसेंजर स्पेशल (Durg-Raigarh 08834 Passenger Special) दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 7 बजे रायगढ़ पहुंचेगी. ट्रेन भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, भिलाई, कुम्हारी, रायपुर, उरकुरा, तिल्दा नेवरा, भाटापारा, बिलासपुर, अकलतरा, जांजगीर नैला, चांपा, सक्ती, खरसिया और अन्य स्टेशनों से होकर रायगढ़ पहुंचेगी.

वापसी में गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़-दुर्ग पैसेंजर स्पेशल (Raigarh-Durg Passenger Special 08833) रायगढ़ से शाम 7:40 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन बिलासपुर रात 10:20 बजे, भाटापारा रात 11:25 बजे, रायपुर रात 12:40 बजे पहुंचेगी और अगले दिन तड़के 2 बजे दुर्ग पहुंचेगी.

रेलवे के अनुसार, इस विशेष ट्रेन में कुल 10 आईसीएफ कोच होंगे. इनमें 8 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं. रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इस ट्रेन के परिचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करने और यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा देने में मदद मिलेगी.

What's your reaction?

Related Posts