Kedarnath Landslide: उत्तराखंड में मॉनसून की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को भारी बारिश के बीच केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से एक महिला यात्री की मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को दिनभर रोक दिया।
पत्थर गिरने और लगातार खराब मौसम के चलते केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले सैकड़ों यात्रियों को अलग-अलग स्थानों पर रोक दिया गया। इससे कई यात्री रास्ते में ही फंस गए और यात्रा मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही।
खतरे को देखते हुए रोकी गई आवाजाही
भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा रोकने का फैसला लिया। मार्ग पर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और खतरा कम होने के बाद यात्रियों की आवाजाही दोबारा शुरू कराने की तैयारी है।
रविवार को पुलिस ने सोनप्रयाग और गौरीकुंड से 11 बजे बाद यात्रियों की आवाजाही रोकी। हालांकि इससे पहले चार हजार से अधिक यात्री केदारनाथ के लिए रवाना हो गए थे। लगभग 2500 यात्री केदारनाथ से वापस लौट गए थे। पैदल मार्ग पर जो भी यात्री आवाजाही कर रहे थे उन्हें पुलिस, एसडीआरएफ, वाईएमएफ और डीडीआरएफ के जवानों की मौजूदगी में सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचा दिया गया। दिनभर बारिश के चलते यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें सोनप्रयाग से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। कोतवाली प्रभारी सोनप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी ने बताया कि चीरबासा और अन्य स्थानों में पत्थर गिरते रहे।
पत्थर की चपेट में आने से महिला यात्री की मौत
गौरीकुंड से केदारनाथ जा रहे महाराष्ट्र के यात्री जैसे ही चीरबासा के पास पहुंचे तो पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरे और इसकी चपेट में आने से एक महिला यात्री की मौत हो गई। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम के अनुसार 60 वर्षीय मंगल अपाराव सिंधे पत्नी अपाराव सिंधे निवासी निम गांव जिला सोहलपुर महाराष्ट्र की मौत हो गई।
आज पौड़ी समेत छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सोमवार को छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, यूएसनगर और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं। बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती हैं। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने आमजन से बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
बदरीनाथ-हेमकुंड में बर्फबारी
गढ़वाल में हो रही बारिश के बीच रविवार को बदरीनाथ-हेमकुंड की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम के नर-नारायण और नीलकंठ पर्वत हिमपा हुआ। इसके अलावा हेमकुंड साहिब की पहाड़ियों, फूलों की घाटी, चिनाप वैली, सोना शिखर और वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क के कुंठखाल व टिपरा खरक की ऊंची पहाड़ियों पर इस साल की पहली बर्फबारी हुई।


















