टी20 सीरीज के पहले ही मुकाबले में भारतीय टीम ने कमाल का प्रदर्शन कर फैन्स का ध्यान खींच लिया है. रविवार को खेले गए मैच में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से पटखनी देकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. भारत ने 13.4 ओवर में 3 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया.
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने विरोधी गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई और मुकाबले को एकतरफा बना दिया. भारत की शुरुआत थोड़ी धीमी रही जब संजू सैमसन सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए. लेकिन इसके बाद क्रीज पर आए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने अफगानी गेंदबाजों की जमकर धागे खोले. अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में ताबड़तोड़ फिफ्टी ठोक दी. दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के आगे अफगानिस्तान का कोई भी गेंदबाज टिक नहीं सका और भारत ने बेहद आसानी से मैच अपने नाम कर लिया.
अभिषेक शर्मा ने महज 32 गेंदों में 7 चौके और 7 छक्के की मदद से सबसे अधिक 82 रन बनाए. ईशान किशन ने भी बल्ले से दम दिखाया. ईशान किशन ने 33 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए. इससे पहले टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत में ही शिकंजा कस लिया था और महज 43 रन पर अफगानिस्तान के 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया.

ओमरजई और नबी ने किया कमाल
मुसीबत में फंसी टीम को अजमातुल्लाह ओमरजई और मोहम्मद नबी की जोड़ी ने उबारा. दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 83 रनों की अहम साझेदारी हुई. नबी ने 33 रनों का योगदान दिया, वहीं ओमरजई ने 44 गेंदों पर नाबाद 64 रन ठोके. उन्होंने शिवम दुबे के आखिरी ओवर में 21 रन बटोरकर अपनी टीम का स्कोर 20 ओवर में 8 विकेट पर 156 रन तक पहुंचाया.
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन
भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके. इसके अलावा जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने भी 1-1 विकेट लेकर अफगानिस्तान को बड़े स्कोर तक जाने से रोका. भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मुकाबला अब 15 सितंबर यानी मंगलवार को दिल्ली में ही खेला जाएगा.

















