मानसून की विदाई से पहले छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभागों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के चलते रायपुर समेत प्रदेश के कई बड़े शहरों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
खारुन नदी उफान पर, पुल के ऊपर से बह रहा पानी
लगातार बारिश के कारण खारुन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी उफान पर है और रायपुर के महादेव घाट के पास पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। इसके चलते इस मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है। लोगों को नदी और पुल के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।
डिप्टी सीएम का कांकेर दौरा रद्द
छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्से में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. रायपुर में बीते 24 घंटे में 69 मिमी बारिश हुई है. इस वजह से नदी-नाले उफान पर हैं. निचले इलाकों में पानी भर गया है. वहीं, जगदलपुर में पिछले 24 घंटे में 246 MM बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, भारी बारिश की वजह से डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांकेर दौरा रद्द कर दिया है.
28 साल बाद गंगरेल डैम के सभी गेट खुले
बस्तर में भी स्थिति हेवी रेन के चलते गंभीर बनी हुई है. इंद्रावती नदी पर बने खातीगुड़ा डैम और सहायक नदी मुरान के बांध के गेट खुलने से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई. करीब तीन सौ गांव बाढ़ के पानी से घिरकर टापू बन गए. धमतरी जिले में स्थिति गंगरेल डैम के सभी 14 गेट 28 साल बाद खोले गए. बांध खुलने से 2.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया.
कई शहरों में ऑरेंज अलर्ट
नेशनल हाईवे-30 रायपुर-कोंटा और NH-63 जगदलपुर-बीजापुर-भोपालपट्टनम कई स्थानों पर बाधित हो गया है. किरंदुल-कोत्तावालसा रेल लाइन पर चार जगहों पर लैंड स्लाइड होने से क्षतिग्रस्त हो गया है. भारी बारिश होने के कारण जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया है. इसे दो दिनों के लिए बंद किया गया है. वहीं, दंतेवाड़ा, महासमुंद, दुर्ग, बस्तर, कांकेर, रायपुर, राजनांदगांव, धमतरी, बेमेतरा, नारायणपुर समेत 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.


















