ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगराष्ट्रीय

RPF की बैंड प्रतियोगिता में पूर्व रेलवे बना विजेता, बिगुल वादन में पूर्वोत्तर रेलवे ने मारी बाजी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) की मेजबानी में बिलासपुर में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बैंड प्रतियोगिता का बुधवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में देशभर से आई रेलवे की विभिन्न टीमों ने अपनी प्रतिभा और शानदार बैंड वादन का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में अलग-अलग श्रेणियों में टीमों के बीच मुकाबला हुआ। बैंड वादन प्रतियोगिता में पूर्व रेलवे ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बिगुल प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे की टीम विजेता बनी। वहीं, पाइप बैंड प्रतियोगिता में रेलवे सुरक्षा विशेष बल (RPSF), नई दिल्ली की टीम ने बाजी मारी।

तीन श्रेणियों में हुआ मुकाबला

इस प्रतियोगिता में बैंड वादन, बिगुल और पाइप बैंड की अलग-अलग स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतिभागी टीमों ने अनुशासन, तालमेल और संगीत कौशल का प्रदर्शन किया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने अपनी सांगीतिक प्रतिभा का परिचय दिया।

समापन समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए. इस तीन दिवसीय आयोजन में 12 क्षेत्रीय रेलों, जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी लखनऊ और रेलवे सुरक्षा बल की विभिन्न इकाइयों के कुल 201 जवानों ने हिस्सा लिया.

रेलवे बोर्ड के निर्देश पर इस प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को सौंपी गई थी. रेलवे सुरक्षा बल, बिलासपुर मंडल ने 2 से 4 नवंबर तक प्रतियोगिता का आयोजन किया. इसका शुभारंभ 3 नवंबर को रेलवे एनई इंस्टीट्यूट मैदान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद के मुख्य आतिथ्य में हुआ था.

तीनों प्रतियोगिताओं के परिणाम

प्रतियोगिता में बैंड वादन में पूर्व रेलवे, कोलकाता ने प्रथम, रेलवे सुरक्षा विशेष बल, नई दिल्ली ने द्वितीय और दक्षिण मध्य रेलवे, सिकंदराबाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.

बिगुल प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर प्रथम, जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी, लखनऊ द्वितीय और पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर तृतीय स्थान पर रहा. वहीं पाइप बैंड प्रतियोगिता में रेलवे सुरक्षा विशेष बल, नई दिल्ली विजेता बना.

मार्च पास्ट और शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समापन समारोह में विभिन्न टीमों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया. बैंड की सुमधुर धुनों के बीच जवानों ने अपनी वादन कला, अनुशासन, तालमेल और टीम भावना का प्रदर्शन किया. अलग-अलग क्षेत्रीय रेलों से आई टीमों की प्रस्तुतियों ने अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया.

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए स्मृति चिह्न प्रदान किए. वहीं महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद ने महाप्रबंधक को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया.

इस अवसर पर उप महानिरीक्षक सह मुख्य सुरक्षा आयुक्त, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त सौरव कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, स्थानीय पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा रायपुर और नागपुर मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे.

What's your reaction?

Related Posts