ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगराष्ट्रीय

सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का हल्लाबोल, शिक्षा मंत्री के बंगले में परिजनों के साथ दिया धरना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने गुरुवार को राजधानी रायपुर में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का रुख किया। यहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने अपने परिजनों के साथ बंगले के अंदर बैठकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

2300 पदों पर नियुक्ति की मांग

प्रदर्शन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि सहायक शिक्षक के 2300 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

नियुक्ति की तारीख घोषित करने की मांग

अभ्यर्थियों ने सरकार से केवल आश्वासन देने के बजाय नियुक्ति को लेकर स्पष्ट समयसीमा और निश्चित तारीख घोषित करने की मांग की है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की चिंता लगातार बढ़ रही है।

321 दिनों से जारी है डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन

जानकारी के अनुसार, डीएड अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इतने लंबे समय तक प्रदर्शन करने के बावजूद मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई है। इसी नाराजगी के चलते अभ्यर्थियों ने अब सीधे शिक्षा मंत्री के निवास पहुंचकर विरोध दर्ज कराया है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और उनके परिवार के सदस्य मंत्री बंगले के भीतर धरने पर बैठ गए हैं।

मंत्री बंगले पर पुलिस बल तैनात, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

अभ्यर्थियों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई। स्थिति को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने के लिए एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी भी शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार अभ्यर्थियों तथा उनके परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं।

नियुक्ति की तारीख घोषित होने तक जारी रहेगा धरना

बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव अपने बंगले पर मौजूद नहीं थे। ऐसे में अभ्यर्थियों को अब तक मंत्री से सीधे मुलाकात का अवसर नहीं मिल पाया है। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति को लेकर जब तक सरकार निश्चित तारीख घोषित नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल रायपुर में शिक्षा मंत्री के बंगले के अंदर डीएड अभ्यर्थियों और उनके परिजनों का धरना जारी है। अब देखना होगा कि सरकार इस लंबे समय से चली आ रही मांग पर क्या निर्णय लेती है।

What's your reaction?

Related Posts