रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एशियन पैरा गेम्स 2026 के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। गुरुवार (12 नवंबर) को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में सीएम साय ने पदक विजेता तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। साथ ही दोनों खिलाड़ियों के लिए कुल 82 लाख रुपये की सम्मान राशि देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता अन्य युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। पैरा खिलाड़ियों की उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।
डिप्टी सीएम अरुण साव मौजूद रहे
सीएम ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि एशियन पैरा गेम्स 2026 में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर देश एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री निवास रायपुर में सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव उपस्थित रहे.
IED ब्लास्ट में गंवाए पैर
सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने बताया कि सीआरपीएफ में सेवा के दौरान नक्सल ऑपरेशन में आईईडी ब्लास्ट के कारण अपना पैर गंवाने के बावजूद तोमन कुमार ने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से स्वर्ण पदक जीतकर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है. राज्य सरकार ने उन्हें 51 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है.
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि मुझे विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाते रहेंगे. दोनों खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं.
तोमन ने तीरंदाजी में जीता गोल्ड
तोमन कुमार सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (CRPF) में एक एलीट CoBRA कमांडो के पद पर तैनात थे. साल 2021 में ट्रेनिंग पूरी की. एक नक्सली ऑपरेशन के दौरान IED ब्लास्ट में उन्होंने एक पैर गंवा दिया. इसके बाद उनकी जिंदगी में स्पोर्ट्स की एंट्री होती है. उन्होंने तीरंदाजी सीखी और वर्ल्ड चैंपियन बने. जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता. वहीं, अभिजीत सखूजा ने पैरा-बैडमिंटन इवेंट में कांस्य पदक जीता है, वे बिलासपुर से ताल्लुक रखते हैं.


















