ठंड के इस मौसम के बाद जब गर्मी आएगी तो वह सताने वाली होगी। गर्मी के सभी पुराने रिकॉर्ड टूट सकते हैं। ऐसा इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है क्योंकि 1950 के बाद सबसे ताकतवर ‘अलनीनो’ की चेतावनी जारी की गई है। अमेरिकी मौसम एजेंसी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) ने यह चेतावनी जारी की है। मौसम एजेंसी का कहना है कि मौजूदा ‘अल नीनो’ (El Nino) की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। एजेंसी के मुताबिक, 2027 की पहली तिमाही यानी कि जनवरी से मार्च के दौरान भी यह बेहद मजबूत श्रेणी में बना रहेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना साल 1950 के बाद से अब तक का सबसे शक्तिशाली अल नीनो साबित हो सकती है। इसकी वजह से भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर की सतह के तापमान के सभी पुराने रिकॉर्ड टूट जाएंगे।
क्या कहते हैं ताजा आंकड़े?
NOAA के अनुसार, अक्टूबर-दिसंबर और नवंबर-जनवरी के दौरान इस घटना के 1950 के बाद के सभी रिकॉर्ड तोड़ने की संभावना अब करीब 60 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इस दौरान औसत तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक की वृद्धि देखी जा सकती है। अक्टूबर से ही भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर के पश्चिमी हिस्सों में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। 1950 के दशक में डेटा रिकॉर्डिंग शुरू होने के बाद से यह पहली बार है जब इतनी अधिक बढ़ोतरी देखी गई है।
आपको बता दें कि विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने इस साल अक्टूबर में ही तापमान के असाधारण स्तर तक पहुंचने की आशंका जताई थी, जिसकी अब पुष्टि हो गई है।
क्या होता है अल नीनो?
अल नीनो एक प्राकृतिक मौसमी घटना है, जो प्रशांत महासागर के भूमध्यरेखीय क्षेत्र में समुद्री पानी के असामान्य रूप से गर्म होने के कारण पैदा होती है। यह अल नीनो सदर्न ऑसिलेशन (ENSO) चक्र के तीन चरणों में से एक है। जब नीनो 3.4 क्षेत्र में समुद्र की सतह का औसत तापमान तीन महीने तक 0.5 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहता है तो अल नीनो की घोषणा की जाती है।
इसके प्रभाव से दुनिया भर के मौसम चक्र में बड़ा बदलाव आता है। कई हिस्सों में सामान्य से बेहद कम बारिश तो कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश और बाढ़ की स्थिति बनती है। तापमान में तेज बढ़ोतरी होती है और लू का प्रकोप बढ़ता है। जंगल की आग की घटनाओं में इजाफा होता है।


















