ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीय

मस्जिद में छिपा लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को मार गिराया. सुरक्षाबलों से बचने के लिए वह एक मस्जिद में जा छिपा था. जवानों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन हथियार डालने के बजाय वह गोलीबारी करता रहा. आखिरकार सुरक्षाबलों की घेराबंदी और कार्रवाई के आगे उसकी एक न चली और उसे मार गिराया गया.

कुलगाम के एसएसपी अनायत अली के मुताबिक, उन्होंने खुद वीडियो कॉल के जरिये लतीफ से लंबी बातचीत की और उसे हथियार डालने के लिए समझाया. उसे भरोसा दिलाया गया कि आत्मसमर्पण करने पर उसकी जान बख्श दी जाएगी, लेकिन उसने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया. बातचीत के दौरान उसने कहा, ‘मेरे साथ अल्लाह के सिवा कोई नहीं है.’

एसएसपी के अनुसार, लतीफ रात करीब 2:45 बजे मस्जिद में दाखिल हुआ और वहां पहुंचते ही गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने धार्मिक स्थल की गरिमा और संरचना को सुरक्षित रखने के लिए संयम बरता. मस्जिद के भीतर कोई कार्रवाई करने के बजाय उसे बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए. बाहर आते ही सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया. ये ऑपरेशन करीब 7 घंटे चला. 

कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड

सुरक्षाबलों के हाथों मारा गया लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी लतीफ भट कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ के नाके पर हुए हमले का मास्टरमाइंड था. उसने अपने साथी आतंकी उमर निसार डार के साथ मिलकर वारदात से एक दिन पहले, 10 नवंबर 2026 को जिले के कई संवेदनशील इलाकों की रेकी की थी. दोनों आतंकियों ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई थी. उनकी यह गतिविधि स्थानीय सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थी.

अगले दिन, 11 नवंबर को दोनों ने अखरान स्थित सीआरपीएफ नाके पर अचानक अंधाधुंध गोलीबारी कर दी. इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे. हमले के बाद वे मौके से फरार हो गए. जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लतीफ की भूमिका का पता लगाया. इसके बाद उसकी तलाश में अभियान शुरू किया गया, जो उसकी मौत के साथ खत्म हुआ.

600 लोगों से हुई थी पूछताछ  

इस मामले में 8 दिनों से बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चल रहा था. सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी थी. घेराबंदी वाले इलाकों में आने-जाने के सभी रास्तों पर कई स्तरों के चेकपॉइंट बनाए गए. यहां से गुजरने वाले लोगों की जांच की गई और आम लोगों की आवाजाही पर पाबंदी लगाई गई. घेराबंदी वाले गांवों के निवासियों से भी पूछताछ की गई. लगभग 600 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की गई. इनमें से कई लोगों को आधिकारिक तौर पर हिरासत में भी लिया गया.

घाटी का सबसे वांछित स्थानीय आतंकी

पुलिस के मुताबिक, वह घाटी में सक्रिय सबसे वांछित आतंकियों में से एक था और कश्मीर में एकमात्र जीवित स्थानीय आतंकी था.  22 साल का लतीफ भट कुलगाम के खरेवान चादर (अशमुजी) का रहने वाला था. उसने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की थी. इसके बाद उसने कुछ समय के लिए कुलगाम के गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में भी पढ़ाई की और आतंकवादी बनने से पहले वो बतौर कारपेंटर (बढ़ई) काम करता था. 

15 लाख का इनामी था लतीफ भट

वो साल 2025 की शुरुआत में अपने घर से अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद उसके परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इसके बाद वो पाकिस्तान में बैठे हैंडलर सज्जाद गुल के कॉन्टैक्ट में आया और लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क में शामिल हो गया था. सीमा पार से उसे जम्मू-कश्मीर में शांति, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नुकसान पहुंचाने के निर्देश मिल रहे थे. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लतीफ भट की जानकारी देने या पकड़वाने वाले के लिए 15 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित किया था.

अमित शाह ने सुरक्षाबलों के तालमेल को सराहा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस पूरे ऑपरेशन में सभी एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला. उन्होंने बताया कि लतीफ भट के एक आतंकी साथी उमर निसार को भी एक दिन पहले कुलगाम में मार गिराया गया था. गृह मंत्री ने इस ऑपरेशन में शामिल जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के जवानों की सराहना की. उन्होंने कहा कि देश इन बहादुर जवानों को सलाम करता है.

What's your reaction?

Related Posts