ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

रायपुर में ई-बस का ट्रायल पूरा, कारा-निमोरा से पचपेड़ी नाका तक दौड़ी, शहर को मिलेंगी 100 बसें

रायपुर। शहर की सड़कों पर जल्द दौड़ने वाली इलेक्ट्रिक बसों की तैयारियों के तहत बुधवार को सैंपल बस का बड़ा ट्रायल किया गया। सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक बस को करीब 225 किलोमीटर दौड़ाकर उसकी क्षमता और तकनीकी खूबियों को परखा गया। इस दौरान शहर की तंग गलियों, भीड़भाड़ वाले चौराहों, संकरी सड़कों और प्रमुख मार्गों पर बस का संचालन किया गया।

केंद्रीय सड़क परिवहन संस्थान (सीआईआरटी), पुणे की टीम ने थर्ड पार्टी टेस्टिंग के तहत बस की जांच की। ट्रायल सफल रहने और संस्थान से मंजूरी मिलने के बाद इसी तकनीकी मानक के आधार पर बाकी बसों की सप्लाई का रास्ता साफ होगा।

कारा-निमोरा से पचपेड़ी नाका तक दौड़ी बस

बस को कारा-निमोरा से रवाना किया गया। इसके बाद टाटीबंध, एम्स, एनआईटी, आमापारा, तात्यापारा, जयस्तंभ चौक, घड़ी चौक, मेकाहारा चौक, पंडरी, मोवा, सड्डू, कचना, राजू ढाबा और रिंग रोड होते हुए पचपेड़ी नाका तक चलाया गया।

यहां से अभनपुर, संतोषी नगर, भाठागांव चौक, आईएसबीटी, कालीबाड़ी, महिला थाना, रेलवे स्टेशन और अग्रसेन चौक सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों से बस को गुजारा गया। इस दौरान उसकी स्पीड, मोड़ने की क्षमता और अलग-अलग परिस्थितियों में सड़क पर प्रदर्शन का आकलन किया गया।

एक बार चार्जिंग में 170 से 180 किमी चलेगी बस

ट्रायल के दौरान बैटरी की क्षमता और चार्जिंग व्यवस्था की भी जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, पूरी तरह चार्ज होने पर बस करीब 170 से 180 किलोमीटर तक चल सकती है। इसके बाद करीब 30 मिनट की अपॉर्चुनिटी चार्जिंग की जरूरत होगी। इसी व्यवस्था के आधार पर 225 किलोमीटर की दूरी तय करने का लक्ष्य रखा गया। परीक्षण में बिजली की खपत और बैटरी के प्रदर्शन का भी आकलन किया गया।

पहले एक बस की टेस्टिंग, फिर आएंगी बाकी 99

पीएम ई-बस सेवा के तहत रायपुर को कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं। हालांकि, फिलहाल सभी बसों का परीक्षण नहीं किया जा रहा है। पहले एक सैंपल बस की थर्ड पार्टी टेस्टिंग कराई जा रही है। सीआईआरटी से मंजूरी मिलने के बाद इसी तकनीकी मानक के अनुरूप बाकी बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।

परीक्षण में मोटर क्षमता, ब्रेक, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, ग्राउंड क्लीयरेंस और यात्रियों के साथ बस के प्रदर्शन जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

डिपो और चार्जिंग स्टेशन तैयार होने का इंतजार

बसों के संचालन से पहले जरवाय में डिपो और चार्जिंग स्टेशन का निर्माण पूरा होना जरूरी है। दो मंजिला डिपो में 20 चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाने हैं। फिलहाल निर्माण कार्य शुरुआती स्तर पर है। नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा के अनुसार, जनवरी तक डिपो का एक फ्लोर तैयार कर कंपनी को सौंपने की योजना है। बसों की सप्लाई भी एक साथ न होकर चरणबद्ध तरीके से होगी।

What's your reaction?

Related Posts