खैरागढ़। प्रतिबंध के बावजूद छत्तीसगढ़ पहुंच रही एनालॉग पनीर की 15 क्विंटल खेप को शुक्रवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और पुलिस जवानों की मौजूदगी में नष्ट किया गया। गुरुवार को साल्हेवारा चेकपोस्ट पर भोपाल से रायपुर जा रहे डीआई वाहन क्रमांक MP 04 WC 8386 से 50-50 किलो के 30 बॉक्स पनीर जब्त किए गए थे।
क्रेता-विक्रेता पर होगी कड़ी कार्रवाई
जांच में बॉक्स पर बैच नंबर, निर्माण और अवसान तिथि अंकित नहीं मिली थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि, पनीर का विधिक नमूना लेकर जांच के लिए उच्च कार्यालय भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद क्रेता श्री बालाजी इंटरप्राइजेज, रायपुर और विक्रेता द माखन डेयरी, भोपाल पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल से रायपुर भेजा गया था पनीर
उन्होंने बताया कि, दोनों फर्म पनीर को अपना बताने से इनकार कर रही हैं, जबकि वाहन चालक के बिल में विक्रेता के रूप में द माखन डेयरी, भोपाल व क्रेता के रूप में श्री बालाजी इंटरप्राइजेज, रायपुर का नाम स्पष्ट दर्ज है। अब देखना होगा कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ के इस मामले में दोनों फर्मों पर वास्तव में कार्रवाई होती है या नहीं।


















