ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का अहम फैसला, 44.50 लाख के दावे के बदले मिले 36,300 रुपये

सड़क दुर्घटना में अविवाहित युवक की मौत के मामले में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने उसके भाई और बहन को कुल 36,300 रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। दोनों ने 44 लाख 50 हजार रुपये मांगे थे। अधिकरण ने उन्हें मृतक पर आर्थिक रूप से आश्रित नहीं माना। अपर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, बिलासपुर की पीठासीन अधिकारी नीरू सिंह ने यह आदेश सुखनाथ की मौत से जुड़े मामले में दिया।

28 जुलाई 2025 को मदनपुर के पास हुआ था हादसा

दुर्घटना 28 जुलाई 2025 को शाम करीब चार बजे कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में ग्राम मदनपुर के पास हुई थी। दीपका स्थित कार्यस्थल से सूरजपुर जिले के ग्राम तारा लौटते समय सुखनाथ की मोटरसाइकिल को सामने से आ रहे स्वराज माजदा वाहन (सीजी-10-बीडब्ल्यू-3921) ने टक्कर मार दी थी। वाहन चालक लोकेश्वर केंवट की लापरवाही से हुई दुर्घटना में सुखनाथ की मौत हो गई। मृतक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसके भाई नरेंद्र कुमार और बहन रीता ने मोटरयान अधिनियम की धारा 166 के तहत दावा किया।

भाई कमाता है, बहन विवाहित है

बीमा कंपनी ओरिएंटल इंश्योरेंस ने कहा कि भाई बालिग है और कमाता है, जबकि बहन विवाहित है। गवाही में भाई ने बताया कि वह कुली और मजदूरी का काम कर प्रतिदिन 200 से 250 रुपये कमाता है। बहन दुर्घटना से पहले ही विवाहित थी और ससुराल में रहती थी। अधिकरण ने कहा कि एक ही राशन कार्ड या घर में रहने का प्रमाण आर्थिक निर्भरता साबित नहीं करता।

केवल दो मदों में मुआवजा

अधिकरण ने चालक की लापरवाही और सुखनाथ की मौत को प्रमाणित माना, लेकिन आश्रितता की क्षति का दावा खारिज कर दिया। संपदा की क्षति के लिए 18,150 रुपये और अंत्येष्टि व्यय के लिए 18,150 रुपये देने का आदेश हुआ। बीमा कंपनी को 30 दिनों में यह राशि 9 सितंबर 2025 से भुगतान तक आठ प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित जमा करनी होगी। राशि दोनों आवेदकों को बराबर मिलेगी।

What's your reaction?

Related Posts