छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से किसानों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। खरीफ सीजन में यह तीसरा चक्रवाती तूफान है, जिसका असर प्रदेश के अन्नदाताओं पर पड़ रहा है। इससे पहले ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ तूफान के कारण भी बारिश और तेज हवाओं ने फसलों को नुकसान पहुंचाया था। अब पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
सबसे ज्यादा परेशानी उन किसानों को हो रही है, जिनकी धान की फसल खेतों में कटकर पड़ी है। लगातार बारिश के कारण कटी हुई फसल भीग रही है। इससे धान की गुणवत्ता प्रभावित होने और उपज खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
पहले भी दो तूफानों से हो चुका है नुकसान
खरीफ सीजन के दौरान प्रदेश के किसानों को पहले भी चक्रवाती तूफानों का सामना करना पड़ा है। ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ तूफान के प्रभाव से हुई बारिश और तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को प्रभावित किया था। अब ‘अकवान’ के असर से एक बार फिर मौसम बिगड़ने के कारण किसानों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
कटी धान की फसल भीगने से बढ़ी परेशानी
धान की कटाई के बाद खेतों में रखी फसल पर बारिश का सीधा असर पड़ रहा है। कई जगहों पर किसान उपज को सुरक्षित रखने के लिए परेशान हैं। लगातार नमी बने रहने से धान के खराब होने, रंग बदलने और गुणवत्ता घटने की आशंका है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इससे धान की गुणवत्ता खराब होने और वजन में अंतर आने का खतरा है। वहीं, खेतों में खड़ी फसल के गिरने और पानी भरने की आशंका भी बनी हुई है। रायपुर में धान के नुकसान के बारे में बताते हुए एक किसान इमोशनल हो गए।
बारिश का असर धान खरीदी व्यवस्था पर भी पड़ा है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में उपार्जन केंद्रों पर तौल रोकनी पड़ी। जिन किसानों ने पहले से टोकन कटवा लिया था, वे किराए के वाहन में धान लेकर केंद्र पहुंचे।
रायपुर के केंद्रों में पानी भरा
रायपुर जिले में भी अकवान चक्रवात के असर से पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश होती रही।। इससे धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रभावित हुई है। कई केंद्रों में पानी भरने से तौल का काम रोकना पड़ा। खरीदी के लिए रखे गए धान को कैप कवर से ढककर सुरक्षित रखने की कोशिश की जा रही है। सबसे ज्यादा परेशानी उन किसानों को है, जिन्होंने धान काटकर खेतों में रखा हुआ है। बारिश से धान भीगने पर अंकुरण होने और गुणवत्ता खराब होने का खतरा है।
वहीं खेतों में खड़ी फसल पर भी तेज हवा और बारिश का असर पड़ने की आशंका है। किसान श्याम साकरकर और सगु राम साहू का कहना है कि एक तरफ मौसम की मार झेलनी पड़ रही है, वहीं दूसरी तरफ धान बेचने की चिंता बनी हुई है।
दुर्ग में टोकन के बाद भी नहीं हुई तौल
जिले के कई खरीदी केंद्रों में बारिश के कारण तौल रोकनी पड़ी। शुक्रवार को 1,092 टोकन जारी हुए थे, लेकिन सिर्फ 21 टोकन पर 83.72 मीट्रिक टन धान खरीदा जा सका। अब तक जिले में 2,929 किसानों से 12,356.44 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।
गगापुर के किसान मोहन दास मानिकपुरी 300 कट्टा धान लेकर केंद्र पहुंचे थे, लेकिन बारिश के कारण उनकी उपज की तौल नहीं हो सकी। अब उन्हें दोबारा वाहन किराए का खर्च उठाने की चिंता है।
धमतरी में सिर्फ 2 केंद्रों पर खरीदी
धमतरी जिले के 108 धान उपार्जन केंद्रों में से आमदी और मगरलोड में ही खरीदी हो सकी। बाकी केंद्रों में बारिश के कारण तौल बंद रही।
शंकरदाह सोसायटी में 20 नवंबर के लिए 27 किसानों के टोकन जारी हुए थे, लेकिन खरीदी नहीं हो पाई। केंद्रों में पहले से खरीदे गए धान को तिरपाल से ढककर रखा गया है।
बिलासपुर के अधिकांश केंद्रों में तौल प्रभावित
बिलासपुर जिले के 154 खरीदी केंद्रों में से 122 में खरीदी शुरू हो चुकी थी। अब तक 2,856.16 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।
शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश के कारण अधिकांश केंद्रों में तौल प्रभावित रही। खेतों में खड़ी फसल को भी नुकसान की आशंका है।
रायगढ़ में 13 केंद्रों पर ही खरीदी शुरू
रायगढ़ जिले में 112 उपार्जन केंद्रों में से सिर्फ 13 में खरीदी शुरू हो सकी है। यहां 84,501 किसान पंजीकृत हैं।
अब तक 232 किसानों से 1,308.72 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। बारिश के कारण शुक्रवार को खरीदी घटकर करीब 200 क्विंटल रह गई।
सरगुजा में धान खरीदी हुई बंद
सरगुजा जिले में शुक्रवार को दोपहर बाद बारिश शुरू हुई। मौसम खराब होने और बारिश की आशंका को देखते हुए सभी केंद्रों में दोपहर बाद खरीदी बंद कर दी गई।
केंद्रों में पहले से खरीदे गए धान को सुरक्षित रख लिया गया है। वहीं, बारिश के कारण खेतों में धान की कटाई और मिंजाई का काम भी रुक गया है। मौसम साफ होने के बाद ही खेती-किसानी से जुड़े काम दोबारा गति पकड़ सकेंगे।


















