छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में अब विकास की नई रफ्तार देखने को मिल रही है। जिन इलाकों में कभी नक्सलियों के आतंक और दहशत के साए में लोगों की जिंदगी गुजरती थी, वहां अब धीरे-धीरे विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
इसी बीच बस्तरवासियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब जल्द ही बस्तर में वंदे भारत ट्रेन दौड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। भारतीय रेलवे ने इस दिशा में तैयारियां शुरू कर दी हैं।
वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत से बस्तर के रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिल सकती है। इससे यात्रियों को तेज और आधुनिक रेल सफर की सुविधा मिलने के साथ ही पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वंदे भारत ट्रेन चलने की उम्मीद
जरा सोचिए जिस इलाके का कनेक्शन कभी बाहरी जगहों से पूरी तरह से कट चुका था. जहां बाहर के लोगों के जाना वर्जित था और वहां के लोग बाहरी दुनिया से बेखर थे. जहां पर रेलगाड़ी तो छोड़िए कार या मोटरसाइकिल से पहुंचने के लिए सड़क तक नहीं थी, अब उस बस्तर में वंदे भारत जैसी सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलने की उम्मीद बढ़ गई है.
जगदलपुर में मेंटेनेंस डिपो बनाने का प्रस्ताव
रेलवे ने इसी के चलते जगदलपुर में वंदे भारत ट्रेन के रखरखाव के लिए मेंटेनेंस डिपो विकसित करने की योजना बनाई जा रही है. हालांकि ट्रेन कब से चलाई जाएगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. जगदलपुर में वंदे भारत के लिए मेंटेनेंस डिपो विकसित करने की योजना बनाई गई है इसके लिए कोचिंग डिपो का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा. यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो जल्द ही वंदे भारत ट्रेन के शुरु होने की उम्मीद बढ़ जाएगी और बस्तर में लोगों को सफर करने में आसानी होगी.
DRM अमिताभ सिंघल ने दी जानकारी
जगदलपुर दौरे पर पहुंचे DRM अमिताभ सिंघल ने दंतेवाड़ा, तोकापाल और बड़े आरापुर स्टेशनों का निरीक्षण किया और काम को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है. उधर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जगदलपुर के नए स्टेशन भवन के लोकार्पण की तैयारियां भी तेज है. DRM अमिताभ सिंघल ने जानकारी देते हुए बताया है कि जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाई गई लिफ्ट को भी जल्द शुरू किया जाएगा.


















