ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

18 साल से फरार था कैदी, पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद भी नहीं लौटा; अब FIR दर्ज

केंद्रीय जेल रायपुर से पैरोल पर रिहा होने के बाद निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटने वाले एक दंडित बंदी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी बंदी गणेश देवांगन वर्ष 2008 से फरार बताया जा रहा है। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 224 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पैरोल पर बाहर आने के बाद नहीं लौटा जेल

जानकारी के मुताबिक, गणेश देवांगन केंद्रीय जेल रायपुर में सजा काट रहा था। इसी दौरान उसे पैरोल पर रिहा किया गया था। पैरोल की अवधि पूरी होने के बाद उसे निर्धारित समय पर जेल वापस लौटना था, लेकिन वह वापस नहीं आया। इसके बाद से उसकी फरारी की जानकारी सामने आई है।

18 साल से फरार बताया जा रहा बंदी

पुलिस के अनुसार, गणेश देवांगन वर्ष 2008 से जेल से फरार है। लंबे समय तक वापस नहीं लौटने के मामले में अब उसके खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंडित बंदी क्रमांक 9480/95 गणेश देवांगन, पिता लक्ष्मीनारायण देवांगन, निवासी मिनीमाता चौक, बूढ़ेश्वर चौक, रायपुर को जिला दंडाधिकारी रायपुर के आदेश के तहत 23 जुलाई 2008 को 10 दिनों के पैरोल पर जेल से रिहा किया गया था. उसे निर्धारित अवधि पूरी होने पर वापस केंद्रीय जेल रायपुर में उपस्थित होना था, लेकिन वह नियत तारीख पर जेल नहीं लौटा.

 इस संबंध में केंद्रीय जेल रायपुर द्वारा पूर्व में भी संबंधित थाने को पत्राचार किया गया था. बाद में थाना पुरानी बस्ती से प्राप्त जानकारी में बताया गया कि बंदी का निवास क्षेत्र वर्तमान में थाना सिटी कोतवाली के अंतर्गत आता है तथा जिस प्रकरण में उसे सजा हुई थी, वह भी थाना कोतवाली से संबंधित है.

इसी क्रम में केंद्रीय जेल अधीक्षक द्वारा 19 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी सिटी कोतवाली को पत्र भेजकर फरार बंदी की अद्यतन जानकारी एवं एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया. जेल प्रशासन ने यह भी उल्लेख किया कि मामला माननीय उच्च न्यायालय से संबंधित है और इसे प्राथमिकता से लेने का आग्रह किया गया है.

 जेल से प्राप्त पत्र एवं संलग्न दस्तावेजों के अवलोकन के बाद थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने गणेश देवांगन के विरुद्ध धारा 224 IPC के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है. बंदी की गिरफ्तारी एवं जेल दाखिले के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

What's your reaction?

Related Posts