राजनांदगांव। रेलवे स्टेशन पर बैंगलोर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही एक महिला को मदद का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने और बाद में किराये के मकान में रखकर लगातार शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पानी पिलाने के बहाने दिया नशीला पदार्थ
मिली जानकारी के अनुसार, महिला राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर बैंगलोर जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके संपर्क में आया। उसने महिला को पानी पीने के बहाने नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके प्रभाव से महिला बेहोशी की हालत में सो गई और उसकी ट्रेन छूट गई।
मदद के बहाने लॉज ले जाकर किया दुष्कर्म
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 22 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. उसने बताया कि 15 अप्रैल 2026 को वह अपने मायके से बैंगलोर जाने के लिए सुबह करीब 7.30 बजे राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पहुंची थी. टिकट लेने के बाद ट्रेन लेट होने के कारण वह प्लेटफार्म नंबर दो पर बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रही थी. रात करीब 10.30 बजे एक महिला और एक पुरुष उसके पास पहुंचे और बातचीत करने लगे. महिला ने उन्हें बताया कि उसे बैंगलोर जाना है. इस पर दोनों ने भी बैंगलोर जाने की बात कही. कुछ देर बाद महिला वहां से दूसरी जगह चली गई. इसके बाद पुरुष ने ट्रेन आने में समय होने की बात कहकर पीड़िता को पानी पीने के लिए दिया. पानी पीने के बाद पीड़िता वहीं बैठकर सो गई और उसकी ट्रेन छूट गई. सुबह करीब 6.30 बजे आरोपी ने सोने की व्यवस्था कराने का झांसा दिया और उसे स्कूटी में बैठाकर बस स्टैंड के पास स्थित चंद्रा लॉज ले गया. आरोप है कि वहां पीड़िता के विरोध के बावजूद जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया. आरोपी ने दो-तीन दिनों तक लॉज में रखकर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया.
किराये के मकान में रखकर करता रहा शोषण
पीड़िता के मुताबिक इसके बाद आरोपी उसे दीवानटोला, बजरंगपुर नवागांव क्षेत्र में किराये के मकान में ले गया और वहां रखने लगा. इस दौरान भी वह उसकी इच्छा के विरुद्ध लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा. आरोपी उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव बनाता था. महिला ने उसे बताया कि उसका ऑपरेशन हो चुका है और वह मां नहीं बन सकती. इसके बाद आरोपी आए दिन उसके साथ मारपीट करने लगा और घर से निकालने की धमकी देने लगा. परेशान होकर महिला ने पुलिस की शरण ली.
स्कूटी जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
मामले की गंभीरता को देखते हुएकोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की. थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी कर 24 नवंबर को आरोपी उमेश कुमार वर्मा (32), पिता अम्मीलाल वर्मा, निवासी बाजार अतरिया, खैरागढ़ को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक सीजी 08 आर 9990 को भी जब्त किया है. आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 723/26 के तहत बीएनएस की धारा 62 (2) (एम), 115(2) और 351 (3) में मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया. इसके बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.


















