ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

परिसीमन के बाद बदल जाएगी देश की चुनावी तस्वीर, 15 बिंदुओं में समझे कैसे…

दिल्ली. लोकसभा से विधानसभाओं तक 50% बढ़ेगी सीटें, महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण, 2029 के चुनाव से पहले नया निर्वाचन नक्शा तैयार करने की तैयारी.

क्या-क्या बदलेगा? 15 बड़े बिंदु

1 लोकसभा और विधानसभाओं में 50% तक सीटें बढ़ेगी नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि की जाएगी.

2. लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 होगी: प्रस्ताव में लोकसभा की अधिकतम क्षमता 850 सदस्यों की करने का प्रावधान है. इनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे.

3. विधानसभाओं में भी बढ़ेंगी सीटें: सभी राज्यों और संबंधित केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों के मुकाबले 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है. विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या की सीमा 650 करने की तैयारी है.

4. उत्तर प्रदेश विधानसभा में करीब 605 सीटें हो सकती हैं: मौजूदा 403 सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा की सदस्य संख्या लगभग 605 हो सकती है. 650 इसकी अधिकतम सीमा होगी, प्रस्तावित वास्तविक संख्या नहीं.

5. राज्यों की लोकसभा हिस्सेदारी 1971 के अनुपात पर कायम रहेगी: राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आनुपातिक बंटवारा 2053 तक सुरक्षित रखने का प्रस्ताव है. इससे दक्षिणी राज्यों की कुल हिस्सेदारी घटने की आशंका को दूर करने की कोशिश की गई है.

6. निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना से तय होंगी: नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण संशोधन लागू होने के समय उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होगा. वर्तमान स्थिति में यह 2011 की जनगणना है.

7. महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षणः लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान लागू करने का प्रस्ताव है,

8. एससी-एसटी महिलाओं को भी मिलेगा आरक्षणः अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी करीब एक-तिहाई सीटें संबंधित वर्ग की महिलाओं के लिए निर्धारित होगी.

9. महिला आरक्षण के लिए नई व्यवस्था बनेगी: 2023 के महिला आरक्षण कानून में आरक्षण को अगली जनगणना और उसके बाद परिसीमन से जोड़ा गया था. नए प्रस्ताव में इस शर्त को बदलकर संशोधन लागू होने के बाद होने वाले पहले परिसीमन से आरक्षण लागू करने की व्यवस्था है.10.  महिला आरक्षण 15 वर्षों के लिए होगा: प्रस्ताव के अनुसार आरक्षण की अवधि 15 वर्ष होगी. संसद कानून बनाकर इसे आगे बढ़ा सकती है.

11.  आरक्षित सीटों का होगा रोटेशनः महिलाओं के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में समय-समय पर बदलाव किया जाएगा, सीटों के आवंटन और बदलाव की प्रक्रिया परिसीमन आयोग तय करेगा.

12.  नए परिसीमन आयोग का गठन होगाः निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने, सीटों का पुनर्निर्धारण करने और महिला आरक्षित सीटों की पहचान के लिए परिसीमन आयोग बनाया जाएगा.

13.  2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की तैयारीः केंद्र सरकार का लक्ष्य महिला आरक्षण और नए परिसीमन की प्रक्रिया को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करना है. हालांकि, यह संसद में विधेयकों के पारित होने और आगे की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा.

14.  2051 तक राज्यों की आनुपातिक हिस्सेदारी स्थिर रहेगी: प्रस्ताव के तहत राज्यों के बीच सीटों का अनुपात और पुनर्निर्धारित निर्वाचन क्षेत्रों की व्यवस्था 2051 तक कायम रखने का प्रावधान है.

15.  तीन विधायी प्रस्तावों से होगा बदलाव नई व्यवस्था के लिए संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक और केंद्रशासित प्रदेशों से संबंधित संशोधन विधेयक लाने की तैयारी है. इनके पारित होने के बाद प्रस्तावित बदलाव लागू हो सकेंगे.

What's your reaction?

Related Posts