ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राजनीति

BJP का ‘सेवा दूत अभियान’ शुरू करने की तैयारी! दिग्गज नेता 25 दिन तक विधानसभा क्षेत्रों में करेंगे प्रवास

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2028 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अभी से संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रदेश भाजपा एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक सेवा-दूत अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों और निगम-मंडल व आयोगों के पूर्व पदाधिकारियों को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सेवा-दूतों को आवंटित विधानसभा क्षेत्र में लगातार 25 दिनों तक रहकर संगठन और सरकार के कामकाज को लेकर लोगों से संवाद करना होगा। इस दौरान अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है।

25 दिनों तक विधानसभा क्षेत्रों में रहेंगे वरिष्ठ नेता

भाजपा संगठन ने इस अभियान के लिए अनुभवी नेताओं को मैदान में उतारने की रणनीति बनाई है। पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और निगम, मंडल व आयोगों के पूर्व पदाधिकारी सेवा-दूत के रूप में काम करेंगे।

इन नेताओं को एक-एक विधानसभा क्षेत्र आवंटित किया जाएगा। एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक उन्हें अपने निर्धारित क्षेत्र में रहकर स्थानीय लोगों, कार्यकर्ताओं और योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करना होगा।

गांव-गांव और घर-घर पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं

अभियान के दौरान केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सेवा-दूत गांवों और शहरी इलाकों में जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देंगे।

इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों, जनसंपर्क और बैठकों के जरिए यह जानने की कोशिश होगी कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक कितना पहुंच रहा है और उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

भाजपा अभी से मिशन 2028 की तैयारी में जुट गया है. इसके लिए भाजपा कई कार्यक्रमों का लगातार आयोजन कर रहा है. भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने पहले दौरे में भाजपा नए पुराने दिग्गजों के साथ बैठकें करके कई योजनाओं तैयार की हैं. प्रदेश प्रभारी ने पुराने दिग्गज नेताओं के साथ वन टू वन बात भी की थी. इनको आने वाले समय में जिम्मेदारी भी देने की बात हुई थी.

पुराने नेताओं को बड़ा जिम्मा

प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने पुराने नेताओं को जो जिम्मेदारी देने की बात की थी, उसका पालन करते हुए ही अब सेवा दूत अभियान के लिए पुराने नेताओं को ही बड़ा जिम्मा दिया गया है. एक-एक विधानसभा में वैसे तो एक ही सेवा दूत जाएंगे, लेकिन जहां पर विधानसभा बडी है और वहां पर बूथ ज्यादा हैं तो ऐसी विधानसभाओं में दो-दो सेवा दूत जाएंगे. एक विधानसभा में अगर पांच मंडल हैं तो सेवा दूत को हर मंडल में पांच-पांच दिनों तक रहना होगा. सेवा दूत मंडलों के साथ शक्ति केंद्रों में बैठक करेंगे और वहां पर भाजपा की स्थिति की जानकारी लेंगे.

 इसी के साथ अपने प्रवास के दौरान सेवा से जुड़े कार्य भी करेंगे. वृक्षारोपण, सफाई अभियान के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजना का भी आम जनता को लाभ दिलाया जाएगा. किसी को किसी तरह के प्रमाणपत्र को लेकर या किसी विभाग में आवेदन को लेकर परेशानी होगी तो उसको भी सेवा दूत दूर करेंगे.

What's your reaction?

Related Posts