Ambikapur TET Exam: रविवार को TET यानी शिक्षक पात्रता परीक्षा हुई. इस दौरान कई परीक्षा केंद्रों पर नियमों के नाम पर सख्ती देखने को मिली. अंबिकापुर से एक मामला सामने आया है, जहां परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों के साथ गलत व्यवहार किए जाने का आरोप है. बताया जा रहा है कि नियमों का हवाला देकर अभ्यर्थियों को मानसिक रूप से परेशान किया गया, जिससे प्रशासन और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
फुल स्लीव शर्ट पहनने पर काटे कपड़े
यह मामला अंबिकापुर के होलीक्रॉस कॉलेज परीक्षा केंद्र का बताया जा रहा है. यहां परीक्षा में बैठने से पहले कुछ अभ्यर्थियों की फुल बाजू वाली शर्ट को कैंची से काट दिया गया. इसके बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में अंदर जाने दिया गया. परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई से अभ्यर्थी हैरान रह गए और खुद को अपमानित महसूस करते रहे.

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा प्रबंधन ने नियमों की जानकारी पहले से साफ तौर पर नहीं दी. सीधे परीक्षा केंद्र पर ही सख्ती दिखाई गई, जिससे कई लोगों को काफी तनाव झेलना पड़ा. इस पूरी घटना का वीडियो अभ्यर्थियों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो सामने आने के बाद परीक्षा प्रबंधन की काफी आलोचना हो रही है. वहीं अभ्यर्थी इस व्यवहार को अमानवीय और सम्मान के खिलाफ बता रहे हैं.



















