छत्तीसगढ़ के बस्तर की पारंपरिक ढोकरा (बेलमेटल) शिल्पकला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले कोंडागांव जिले के शिल्पकार बानू राम बैद का चयन प्रतिष्ठित शिल्प गुरु अवार्ड 2025 के लिए किया गया है। माकड़ी विकासखंड के ग्राम बरकई निवासी बैद का नाम भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय, नई दिल्ली द्वारा जारी अंतिम चयन सूची में शामिल है।
देशभर से छह शिल्प गुरुओं का चयन
शिल्प गुरु अवार्ड देश की पारंपरिक हस्तशिल्प कलाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिल्पकारों को दिया जाता है। वर्ष 2025 के इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए देशभर से कुल छह शिल्प गुरुओं का चयन किया गया है। इनमें छत्तीसगढ़ के बानू राम बैद का नाम शामिल होना राज्य की पारंपरिक हस्तशिल्प कला के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
बस्तर की ढोकरा कला को मिलेगा बढ़ावा
बस्तर की ढोकरा कला अपनी पारंपरिक तकनीक और धातु से तैयार की जाने वाली कलाकृतियों के लिए जानी जाती है। इस कला में शिल्पकार अपनी पीढ़ियों से चली आ रही तकनीकों और कौशल का इस्तेमाल करते हैं। बानू राम बैद को शिल्प गुरु अवार्ड के लिए चुना जाना इस पारंपरिक कला को राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहन देने की दिशा में अहम माना जा रहा है। इससे बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय शिल्पकारों की पहचान को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बानू राम बैद का चयन केंद्रीय स्तरीय चयन समिति की 18 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में अंतिम रूप से किया गया. उन्होंने बस्तर की प्राचीन लॉस्ट-वैक्स (मधुच्छिष्ट) तकनीक पर आधारित ढोकरा शिल्पकला को संरक्षित रखने, उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा नई पीढ़ी को इस पारंपरिक कला का प्रशिक्षण देने में उल्लेखनीय योगदान दिया है.
बैद की कलाकृतियों में बस्तर के आदिवासी जनजीवन, लोक-संस्कृति, देवी-देवताओं और प्रकृति का सजीव चित्रण देखने को मिलता है. पारंपरिक तकनीक और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से सहेजने के उनके प्रयासों ने बस्तर की विशिष्ट शिल्प परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
बानू राम बैद को शिल्प गुरु अवार्ड के लिए चयनित सहित जाना कोण्डागांव जिला और समूचे छत्तीसगढ़ एवं बस्तर अंचल के लिए गौरव का विषय है. उनकी यह उपलब्धि पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़े कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित करेगी.


















