बिलासपुर। रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री से लाखों रुपये के जेवर, नकदी और अन्य सामान से भरा हैंडबैग लूटने का मामला सामने आया है। वारदात के दौरान बदमाशों ने महिला के बेटे को जान से मारने की धमकी दी, अश्लील गालियां दीं और रेलवे ट्रैक के पत्थर फेंककर हमला भी किया, जिससे उसकी आंख में चोट लग गई। घटना कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगला स्थित शुभम विहार सनसिटी निवासी अल्पना मिश्रा (39 वर्ष) अपने बड़े पुत्र ओम मिश्रा और छोटे पुत्र सिद्धि विनायक मिश्रा के साथ 20 जुलाई की रात ट्रेन संख्या 12248 रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-4 में आरक्षित सीटों पर यात्रा कर रही थीं। रात करीब एक बजे ट्रेन कटनी मुख्य स्टेशन के आउटर पर रुकी हुई थी। इसी दौरान 4-5 अज्ञात युवक स्लीपर कोच में घूम रहे थे।
महिला के अनुसार उनका हैंडबैग सीट पर कमर के पास रखा हुआ था। तभी एक युवक बैग उठाकर भागने लगा। उन्होंने बैग पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथियों के साथ बैग छीन लिया और ट्रेन से उतरकर भागने लगा।
महिला के शोर मचाने पर उनका पुत्र ओम मिश्रा और अन्य यात्री आरोपियों का पीछा करते हुए कोच के दरवाजे तक पहुंचे। इसी दौरान बदमाशों ने ओम मिश्रा को धमकाते हुए अश्लील गालियां दीं और रेलवे ट्रैक पर पड़े पत्थर उठाकर उसकी ओर फेंकने लगे। एक पत्थर उसकी बाईं आंख में लग गया, जिससे वह घायल हो गया और उसकी आंख से खून बहने लगा। बाद में उसने ट्रेन का दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई।
लूटे गए हैंडबैग में करीब 2.80 लाख रुपये मूल्य का सामान रखा हुआ था। इसमें सोने का मंगलसूत्र (लॉन्ग नेकलेस), एक छोटा सोने का लॉकेट, 10 हजार रुपये नकद, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, एसबीआई एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल थे।
घटना की सूचना यात्रियों द्वारा तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दी गई। मामले की शिकायत जीआरपी बिलासपुर में दर्ज कराई गई। जांच में घटनास्थल जीआरपी थाना कटनी (मध्य प्रदेश) क्षेत्राधिकार में पाए जाने पर जीआरपी बिलासपुर ने शून्य पर अपराध दर्ज कर प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी कटनी को स्थानांतरित कर दिया है।
रेलवे पुलिस अब आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है। घटना ने ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


















