ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगराजनीति

राहुल-प्रियंका की हिरासत के विरोध में कल प्रदेशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन

रायपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास नीट परीक्षा मामले को लेकर संसद में चर्चा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इसके तहत गुरुवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सभी जिला मुख्यालयों में सुबह 11 बजे प्रदर्शन होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी एवं अन्य नेताओं की हिरासत का विरोध करेंगे। पार्टी ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन केवल नेताओं की हिरासत के विरोध तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नीट परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भी सरकार को घेरने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि वह छात्रों के हितों और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन चला रही है।

प्रदेश कांग्रेस के अनुसार दिल्ली में छात्रों के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया गया, जिसे पार्टी ने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। इसी के विरोध में प्रदेशभर में जनआंदोलन का निर्णय लिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देश जारी करते हुए निर्धारित समय पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने और अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है।

कांग्रेस ने कहा है कि जब तक छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाबदेही तय नहीं करती, कथित पेपर लीक मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं होती और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी ने सभी जिला इकाइयों को प्रदर्शन की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए हैं।

What's your reaction?

Related Posts