जैतपुर इलाके में एक साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर तपन कुमार भट्टाचार्य के खाते से 18.99 लाख रुपये उड़ा लिए, वह भी बिना कॉल या ओटीपी के। ठगों ने पीड़ित की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तक तोड़ दी और रकम निकाल ली।
जैतपुर के गगन विहार इलाके में रहने वाले 75 वर्षीय तपन कुमार ने बताया कि वह एक सरकारी बैंक से रिटायर्ड हैं। उनका खाता गुवाहाटी के जीएस रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में है। 24 अप्रैल की सुबह उन्हें मोबाइल पर पांच लाख रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। जब उन्होंने बैंक से संपर्क किया तो पता चला कि 23 अप्रैल की रात चार ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिये उनके खाते से कुल 18.99 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं।
पीड़ित ने बैंक खाता फ्रीज कराया: बैंक की ओर से उन्हें बताया गया कि उनकी एफडी तोड़कर रकम खाते में डालकर निकाल ली गई है। उन्होंने तुरंत अपना बैंक खाता फ्रीज कराया और साइबर सेल को शिकायत दी। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कोई संदिग्ध लिंक नहीं खोला और न ही किसी को ओटीपी दिया। पुलिस यह जांच कर रही है कि जालसाजों को बैंकिंग डिटेल कैसे मिली और बिना ओटीपी एफडी कैसे तोड़ी गई। मामले में 18 जुलाई को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जालसाजों ने बिना जानकारी के एफडी तोड़ी
पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि न तो उनके पास कोई कॉल आया, न ही ओटीपी पूछा गया और न ही उन्होंने किसी लिंक पर क्लिक किया। इसके बावजूद आरोपियों के पास उनकी सभी बैंकिंग जानकारी थी। जालसाजों ने बिना ओटीपी मंगवाए उनकी एफडी तोड़कर राशि खाते में डालकर निकाल ली। पुलिस यह जांच कर रही है कि ठगों ने बिना ओटीपी एफडी कैसे तोड़ी।



















