रायपुर। बस्तर संभाग में विकास कार्यों के निरीक्षण और प्रगति समीक्षा पर निकले उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने दौरे के तीसरे दिन दंतेवाड़ा जिले में विभिन्न निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने जावंगा शासकीय महाविद्यालय के निर्माणाधीन भवन, जल जीवन मिशन के कार्यों तथा स्वच्छता दीदियों की गतिविधियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने गीदम के समीप जावंगा स्थित शासकीय महाविद्यालय के नए भवन निर्माण कार्य का अवलोकन किया। लगभग 4 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से बन रहे इस सर्वसुविधायुक्त भवन के संबंध में उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कर कॉलेज का संचालन शुरू किया जाए, जिससे दंतेवाड़ा क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।

दौरे के दौरान श्री साव ने ग्राम टेकनार में जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दो घरों में जाकर नल के माध्यम से जल आपूर्ति की स्थिति देखी और जल अर्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को ग्राम पंचायत एवं जनभागीदारी के सहयोग से नल-जल योजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए प्रेरित किया।
उप मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा नगर पालिका क्षेत्र में संचालित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण भी किया। इसके बाद उन्होंने मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) केंद्र पहुंचकर स्वच्छता दीदियों के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने घर-घर से कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण (सेग्रीगेशन) तथा स्वच्छता कार्यों की प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता दीदियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान चैतराम अटामी, देवेश ध्रुव तथा पायल गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



















