रायपुर, 4 जुलाई। खमतराई थाना क्षेत्र में हुई ई-रिक्शा एवं दोपहिया वाहन चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई ई-रिक्शा और टीवीएस स्कूटी सहित लगभग 1.50 लाख रुपये मूल्य के वाहन बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार रावाभांठा निवासी अजय यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी ई-रिक्शा क्रमांक सीजी 04 एनटी 0169 को 27 जून की रात घर के सामने खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। वहीं एक अन्य मामले में बंजारी नगर, रावाभांठा स्थित पाल ट्रेडर्स के पास खड़ी दिलीप परिहार की टीवीएस स्कूटी क्रमांक सीजी 04 क्यूए 3039 भी 28 जून को चोरी हो गई थी। दोनों मामलों में खमतराई थाना में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ई-रिक्शा और स्कूटी चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई ई-रिक्शा और स्कूटी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बालकों में से एक के विरुद्ध पूर्व में उरला थाना में हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है। फिलहाल दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है, जबकि फरार साथी की तलाश जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से खमतराई क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की दोनों घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा हो गया है।


















