रायपुर. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां वनमंत्री केदार कश्यप पर एक लकवाग्रस्त कर्मचारी के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित कर्मचारी खितेन्द्र पांडेय ने मीडिया के सामने आकर अपनी आपबीती सुनाई और मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इस घटना ने प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है, जिसमें कांग्रेस ने बीजेपी और मंत्री को निशाने पर लिया है।
खितेन्द्र पांडेय, जो पिछले 20 वर्षों से जगदलपुर के सर्किट हाउस में कार्यरत हैं, ने बताया कि शनिवार शाम को यह घटना हुई। उनके अनुसार, मंत्री केदार कश्यप के पीएसओ ने उन्हें बुलाया और कहा कि मंत्रीजी बुला रहे हैं। जब वे गए, तो मंत्री ने उनसे पूछा कि कमरा क्यों नहीं खोला गया। इसके बाद कथित तौर पर केदार कश्यप ने गाली-गलौच शुरू की, जूता उठाया, और कॉलर पकड़कर उन्हें कमरे के अंदर ले जाकर मारपीट की। इस घटना में पांडेय को चोटें भी आईं, और वे इस मामले से बेहद आहत हैं।
क्या कहा मंत्री ने ?
वनमंत्री केदार कश्यप ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे कांग्रेस का भ्रामक प्रचार बताया। उन्होंने कहा, हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं का अपमान मेरे लिए किसी भी स्थिति में सहनीय नहीं है। कांग्रेस मुद्दाविहीन है और केवल भ्रामक प्रचार कर रही है। जिस तरह की घटना की बात कही जा रही है, वैसा कुछ हुआ ही नहीं।


















