नई दिल्ली . एक शख्स ने पहले अपनी प्रेमिका को खुश करने के लिए डॉक्टर के बेटे का अपहरण कर लिया. बदले में 20 लाख की फिरौती नहीं मिली तो उसकी हत्या कर दी. इस मामले में उसे और उसके साथियों को उम्रकैद की सजा हो गई थी.
इस बीच 2019 में कोविड के दौरान वह पैरोल पर बाहर आया. फिर उसे पता चला कि उसकी प्रेमिका ने किसी दूसरे लड़के से शादी कर ली है. इससे नाराज होकर उसने प्रेमिका को मिलने के बहाने होटल में बुलाया और उसकी गला रेतकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी दीपक मंगोलपुरी का निवासी है. आरोपी उम्रकैद के मामले में पैरोल लेकर गायब होने के अलावा अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या के बाद से फरार था. क्राइम ब्रांच के स्पेशल कमिश्नर रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि दीपक ने पांच जनवरी 2010 को रोहिणी के एक आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रीमल के बेटे को अगवा कर 20 लाख की फिरौती मांगी थी. रुपये नहीं मिलने पर आरोपियों ने हरियाणा के करनाल में उसकी हत्या कर दी. बाद में उसका शव कार में ही छोड़कर फरार हो गए. हालांकि साउथ रोहिणी थाने में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. साथ ही सभी को उम्रकैद की सजा भी हो गई थी.
कोविड के दौरान दीपक पैरोल पर बाहर आया और गर्लफ्रेंड के दूसरे लड़के से शादी किए जाने से नाराज होकर उसने 4 दिसंबर 2020 को उसकी हत्या कर दी थी. तब से वह फरार चल रहा था. इस बीच क्राइम ब्रांच ने दीपक को मंगोलपुरी इलाके में स्थित आर-ब्लॉक से उसे धर दबोचा.


















