रायपुर। दौड़-भाग भरी जिंदगी और ट्रेनों की लेटलतीफी अब यात्रियों के लिए झुंझलाहट नहीं, बल्कि खुद को संवारने का मौका बनेगी। रायपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा और अपने राजस्व में बढ़ोतरी के लिए एक अनोखी पहल की है। अब रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बाल कटाने (कटिंग) और शेविंग जैसी सुविधाओं के लिए स्टेशन से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर में ही एक आधुनिक सैलून खोलने की तैयारी पूरी कर ली है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस सैलून के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर स्थान चयनित किया गया है। अक्सर देखा जाता है कि यात्रियों को अचानक किसी जरूरी काम या शादी-ब्याह में बाहर जाना होता है, लेकिन समय की कमी के कारण वे तैयार नहीं हो पाते। वहीं, स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन लेट होने की स्थिति में यात्रियों का समय बर्बाद होता है। इसी वेटिंग टाइम का सदुपयोग करने के लिए रेलवे यह सुविधा लेकर आ रहा है।
रेलवे ने जारी किया ओपन टेंडर
रेलवे ने इस सैलून को संचालित करने के लिए ओपन टेंडर जारी किया है। इच्छुक व्यक्ति या एजेंसियां 30 मार्च, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रेलवे द्वारा 10-10 वर्ग फीट की जगह उपलब्ध कराई जाएगी। टेंडर लेने वाला संचालक अपनी सुविधानुसार इस सीमित जगह में आधुनिक सेटअप तैयार कर सकेगा।
प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर बनेगा स्टाइल जोन, एयरपोर्ट की तर्ज पर मिलेंगी सुविधाएं
रायपुर रेल मंडल के कमर्शियल विभाग की यह योजना रेलवे को स्मार्ट बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। सूत्रों का कहना है कि यहां दी जाने वाली सुविधाएं बड़े शहरों के एयरपोर्ट्स पर मिलने वाले ग्रूमिंग सेंटर जैसी होंगी। यदि प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर यह प्रयोग सफल रहता है और यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो आने वाले समय में रायपुर मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी ऐसे सैलून खोले जाएंगे।



















