जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में करीब 3.80 करोड़ रुपये की सामग्री खरीदी में अनियमितता के मामले में कलेक्टर ने कड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ लेखा परीक्षक रोशन कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रशासन के अनुसार, शिकायत के बाद की गई प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि बिना निविदा प्रक्रिया अपनाए और नियमों के विपरीत ई-मार्केट पोर्टल के माध्यम से लगभग 3 करोड़ 80 लाख 59 हजार रुपये की सामग्री की खरीद और भुगतान किया गया। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।
भुगतान प्रक्रिया में गड़बड़ी
जांच में विद्यालयों की सहमति के बिना सामग्री खरीदी, दबावपूर्वक नोटशीट पर हस्ताक्षर कराने और भुगतान प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत भी सही पाई गई. निलंबन अवधि में रोशन कुमार पटेल का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मालखरौदा निर्धारित किया गया है. मामले में विभागीय जांच जारी है.
इस पूरे मामले में जब जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ लेखा परीक्षक (बाबू) रोशन कुमार पटेल से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने विभागीय निर्देशों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सभी खरीदारियां की हैं.
अनियमितता के आरोपों से इनकार
उन्होंने किसी भी प्रकार के गबन या वित्तीय अनियमितता के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वर्तमान में उन्हें निलंबित किया गया है. यह पूरा मामला विभागीय जांच के अधीन है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.


















