रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस प्रशासन में व्यापक बदलाव करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 24 अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत पुलिस मुख्यालय, रेंज कार्यालयों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) तथा कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों के पदों पर महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक लागू रहेगा।
राज्य सरकार के इस फैसले को आगामी प्रशासनिक आवश्यकताओं, कानून-व्यवस्था की मजबूती और पुलिस तंत्र में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तबादला सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई जिलों को नए पुलिस अधीक्षक मिले हैं।
सबसे प्रमुख बदलावों में 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार यादव को नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंद्रखुरी के निदेशक पद से हटाकर राजनांदगांव रेंज का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं राजनांदगांव रेंज के आईजी बालाजी राव सोमावार को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है।
2008 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रशांत कुमार अग्रवाल, जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (बस्तर क्षेत्र) में आईजी के रूप में कार्यरत थे, उन्हें भी पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। सूरजपुर के पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर को उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
कई जिलों में बदले गए एसपी
तबादला सूची में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दंतेवाड़ा के नए एसपी के रूप में चन्द्रमोहन सिंह की नियुक्ति की गई है। वहीं बीजापुर के एसपी जितेन्द्र कुमार यादव को कबीरधाम (कवर्धा) का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
सुकमा के एसपी चव्हान किरण गंगाराम को बालोद जिले की कमान सौंपी गई है, जबकि बालोद के एसपी योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
दंतेवाड़ा में पदस्थ राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा का एसपी नियुक्त किया गया है। वहीं रायपुर पुलिस में पुलिस उपायुक्त (मध्य) के पद पर कार्यरत उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रायपुर पुलिस के पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर को सुकमा और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर का नया एसपी बनाया गया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में भी बदलाव
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। नारायणपुर के एसपी रॉबिन्सन गुरिया को रायपुर नगरीय पुलिस में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) नियुक्त किया गया है। इससे राजधानी की कानून-व्यवस्था और शहरी पुलिसिंग को नया नेतृत्व मिलेगा।
महिला अधिकारियों को भी मिली अहम जिम्मेदारी
बलौदाबाजार-भाटापारा की एसपी भावना गुप्ता को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। वहीं विशेष शाखा में पदस्थ भावना पाण्डेय को धमतरी जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 19वीं वाहिनी में सेनानी के पद पर कार्यरत श्वेता राजमणी को उप पुलिस महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जगदलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस मुख्यालय में बढ़ेगा अनुभवी अधिकारियों का दायरा
राज्य सरकार ने कई अनुभवी अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय में पदस्थ कर रणनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की कोशिश की है। इनमें राजेश कुकरेजा, रामकृष्ण साहू, रवि कुमार कुर्रे और अन्य अधिकारी शामिल हैं।






















