छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना जताई है। बढ़ती गर्मी के बीच कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर तेज रहेगा और अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। खासकर मैदानी इलाकों में लोगों को उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि, दक्षिण और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वातावरण में नमी और स्थानीय मौसमी सिस्टम के प्रभाव के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। तेज हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. इस योजना के कुछ स्थानों पर अति हल्की से हल्की बारिश भी हुई. बिलासपुर में सबसे अधिक अधिकतम 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
छत्तीसगढ़ में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ेगा पारा
- प्रदेश में 19 मई से मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
- 20 मई से 24 मई के बीत प्रदेश के कुछ हिस्सों में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई गई है.
- मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
जानें राजधानी रायपुर का हाल
रायपुर के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार 18 मई को शहर का आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.



















