ब्रेकिंग खबरें

राजनीतिराष्ट्रीय

संसद का मॉनसून सत्र कल से होगा शुरू, 13 अगस्त तक चलेगा सत्र

संसद का मॉनसून सत्र कल से शुरू होगा और 13 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक चर्चा और पारित करने के लिए सूची बद्ध हैं। मॉनसून सत्र से पहले सरकार ने आज संसदीय सौध भवन  में सर्वदलीय बैठक बुलाई। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। राज्य सभा के नेता जगतप्रकाश नड्डा, संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और डॉ. एल मुरूगन बैठक में उपस्थित थे। अपना दल पार्टी की नेता अनुप्रिया पटेल, जनता दल यूनाइटेड के नेता संजय झा, तेलुगुदेशम पार्टी के नेता लावू श्रीकृष्णा देवारायालू, कांग्रेस नेता जयराम रमेश, समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव, झारखंड मुक्तिमोर्चा की राज्य सभा सांसद महुआ माझी और 40 राजनीतिक दलों के 50 नेता भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक शुरू होने के तुरंत बाद विपक्षी दलों ने नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया-एनसीपीआई की बैठक में उपस्थिति‍ के विरोध में प्रतीकात्‍मक रूप से बैठक का बहिष्‍कार किया। एनसीपीआई पंजीकृत दल है जिसने विधानसभा चुनाव में भाग लिया था और हाल में तृणमूल कांग्रेस के अनेक बागी सांसद उस पार्टी में शामिल हो गए थे। हालांकि विरोध प्रकट करने के बाद विपक्षी सदस्‍य बैठक में शामिल हुए।  मीडिया से बातचीत में श्री रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों से संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने और महत्‍वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्‍मक चर्चा करने आग्रह किया। उन्‍होंने इस बात पर जोर दिया कि संसद में व्‍यवधान के बजाय सकारात्‍मक चर्चा होनी चाहिए क्‍योंकि यह लोकतांत्रिक व्‍यवस्‍था की  मजबूती के लिए बहुत जरूरी है।

संवाददाताओं से बातचीत में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके, जेएमएम, तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित सभी विपक्षी दलों ने बैठक के बहिष्‍कार किया। उन्‍होंने यह भी आरोप लगाया कि एनसीपीआई मान्‍यता प्राप्‍त संसदीय दल नहीं है। राज्‍य सभा में विपक्ष के उप-नेता प्रमोद तिवारी ने एनसीपीआई को बैठक में आमंत्रित किये जाने के विरोध में बैठक के बहिष्‍कार को प्रतीकात्‍मक बताया। एनसीपीआई के नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने सर्वदलीय बैठक का विरोध करने पर विपक्षी दलों की निंदा की। उन्होंने कहा कि एनडीए में एनसीपीआई अब दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। आज की सर्वदलीय बैठक के माध्‍यम से सरकार को उम्‍मीद है सभी राजनीतिक दल संसद की कार्यवाही सुचारु चलाने के लिए सहयोग करेंगे।

संसद के कल से शुरू हो रहे मॉनसून सत्र से पहले कार्य मंत्रणा समिति की बैठक सम्पन्न

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद के कल से शुरू हो रहे मॉनसून सत्र से पहले आज कार्य मंत्रणा समिति की बैठक बुलाई। बैठक के दौरान सरकार और विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यों ने सत्र में उठाए जाने वाले विधायी और अन्य मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। सदस्यों ने सत्र के दौरान चर्चा के लिए जनहित और राष्ट्रीय महत्व के कई मुद्दों का भी सुझाव दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री बिरला ने रचनात्मक चर्चा, सार्थक सहयोग और संसदीय परंपराओं के उच्च मानदंडों का पालन करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे कार्यवाही को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से चलाने में पूरा सहयोग दें। श्री बिड़ला ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी सदस्य व्यापक जनहित में मॉनसून सत्र को लाभदायक और गरिमापूर्ण बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।

What's your reaction?

Related Posts